जेल में कैद डेरा सच्चा सौदा प्रमुख राम रहीम से मिलने के लिए परिवार को आना था, लेकिन वह नहीं आया। पुलिस और जेल प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से दिनभर परिजनों के आने का कयास लगाता रहा। सुरक्षा कारणों की वजह से फिलहाल परिजनों को मिलने की अनुमति नहीं दी गई है। वैसे भी अंग्रेजी वर्णमाला के हिसाब से गुरमीत राम रहीम से मुलाकात का दिन सोमवार और वीरवार हैं।
नियमानुसार जेल में कै दी अंग्रेजी वर्णमाला के हिसाब से ही परिजनों से मुलाकात कर सकते हैं। बताया जा रहा है कि गुरमीत राम रहीम का परिवार इन दिनों राजस्थान के पैतृक गांव गुरूसर मोडिया पहुंच गया है। डेरा प्रमुख की मुंह बोली बेटी हनीप्रीत भी डेरे में नहीं है। खुफिया तंत्र भी उसका सुराग लगाने में लगा है। डेरा प्रमुख का परिवार डेरा परिसर में बनी कोठियों में रहता है। परिवार में डेरा मुखी की माता नसीब कौर, पत्नी हरप्रीत कौर, तीन बेटियां चरणप्रीत कौर, अमनप्रीत कौर और दत्तक पुत्री हनीप्रीत, बेटा जसमीत सिंह इंसां है।
चरणप्रीत कौर के पति डॉ. शान-ए-मीत, बेटी अमनप्रीत के पति रूह-ए-मीत और बच्चे डेरा में अलग-अलग कोठियों रहते हैं। 28 अगस्त को जब डेरा प्रमुख को अदालत ने सजा सुनाई थी तब तक परिवार डेरे में था। लेकिन इसके अगले ही दिन परिवार पैतृक गांव पहुंच गया। सूत्रों का कहना है कि हनीप्रीत रोहतक या आसपास के क्षेत्र में कहीं छिपी हुई है। खुफिया एजेंसियां भी उसकी तलाश में जुटी हैं।
रोहतक से कहां गई हनीप्रीत, अभी तक सुराग नहीं
राम रहीम को साध्वी रेप केस में सजा
दोषी करार दिए जाने के बाद राम रहीम के साथ रोहतक जेल तक आई उसकी गोद ली हुई बेटी हनीप्रीत का कोई सुराग नहीं लगा है। राम रहीम के साथ रोहतक में नजर आने के बाद से वह न तो डेरे में मिली है और न ही डेरा प्रमुख के परिजनों के साथ दिखाई दी। चर्चा थी कि वह जेल से आने के आर्य नगर में किसी अनुयायी के घर पर रुकी थी। इसके बाद हनीप्रीत कहां गई, किसी को भी नहीं पता।
राम रहीम दोषी करार दिए जाने के बाद रोहतक जेल में लाया गया था। उसके साथ हेलिकॉप्टर में उसकी गोद ली बेटी हनीप्रीत भी थी। वह राम रहीम के जेल जाने तक उसके साथ रही थी। चर्चा हुई थी कि हनीप्रीत जेल के अंदर भी गई थी। हालांकि पुलिस ने दावा किया था कि हनीप्रीत को पहले ही वापस भेज दिया गया था। वहीं, पुलिस को अभी तक डेरे के अनुयायी संजय चावला के बारे में भी सुराग नहीं लगा है। उसकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
बता दें कि अनुयायी संजय के घर के सामने से एक बैग में पेट्रोल से भरी हुई पांच बोतल बरामद हुई थी। पुलिस ने आशंका जाहिर की थी कि पेट्रोल का दुरुपयोग करने का प्रयास किया जाना था। इसी संबंध में पुलिस को संजय से पूछताछ करनी है। चर्चा यह भी रही थी कि आर्य नगर में संजय चावला के घर पर ही हनीप्रीत रुकी थी। आर्य नगर चौकी के कार्यवाहक इंचार्ज एसआई रमेश कुमार ने बताया कि पुलिस कई बार संजय के घर जा चुकी है। उसकी रिश्तेदारी में भी पता लगाया जा रहा है।