दुष्कर्म मामले में सजायाफ्ता डेरा सिरसा प्रमुख गुरमीत रामरहीम की मुंह बोली बेटी हनीप्रीत हाईप्रोफाइल ड्रामे के बाद आखिरकार 38 दिन बाद हरियाणा पुलिस के हत्थे चढ़ गई। 25 अगस्त को पंचकूला में हिंसा के बाद से ही हनीप्रीत भूमिगत थी। हरियाणा पुलिस सहित सात राज्यों के अलावा खुफिया एजेंसियां और नेपाल पुलिस उसकी तलाश में जुटी रहीं।
हरियाणा पुलिस ने दावा किया है कि हनीप्रीत को मंगलवार दोपहर बाद करीब तीन बजे जीरकपुर से दो किलोमीटर दूर जीरकपुर-पटियाला रोड पर एक गुरुद्वारे के पास स्थित रिजॉर्ट के बाहर से गिरफ्तार किया गया। हनीप्रीत इनोवा कार में सवार होकर पटियाला की तरफ जा रही थी। पुलिस ने उसके साथ कार में सवार एक अन्य महिला को भी गिरफ्तार किया है।
दोनों बुधवार को पंचकूला कोर्ट में पेश की जाएंगी। पुलिस हनीप्रीत का रिमांड मांगेगी। गिरफ्तारी के तुरंत बाद पंचकूला हिंसा मामले की जांच कर रही एसआईटी, पुलिस आयुक्त पंचकूला एएस चावला सहित अनेक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी हनीप्रीत से पूछताछ में जुट गए हैं। वह देशद्रोह मामले में नामजद है, उस पर मुख्य मामला हिंसा भड़काने का है। पुलिस अब पंचकूला हिंसा को लेकर रची गई साजिश और डेरे से जुड़े सारे राज उससे एक-एक कर उगलवाएगी। हालांकि, हनीप्रीत ने गिरफ्तारी से पहले सामने आकर दो निजी चैनलों को दिए साक्षात्कार में खुद और राम रहीम को बेगुनाह बताया है।