अरविंद रोड शो करेंगे तो नरेंद्र मोदी रैली कर दबदबा बनाने की कोशिश करेंगे। दोनों आएंगे तो एक ही दिन लेकिन उनका आमना-सामना नहीं हो पाएगा। प्रशासन की भी कोशिश होगी कि दोनों के कार्यक्रम के समय में अंतर रखा जाएगा, जिससे कार्यकर्ताओं के बीच कोई टकराव न हो पाए। पिछले महीने दोनों ही कार्यकर्ताओं की भिड़ंत देखी जा चुकी है। चंडीगढ़ में अरविंद का कार्यक्रम सुबह है तो मोदी का शाम को है। अभी ये प्रस्ताव है। बाद में बदला भी जा सकता है।
सोशल साइट में तो इनके आमने-सामने की चर्चा
मोदी और केजरीवाल के कार्यक्रम तय होने के बाद पार्टी के कार्यकर्ताओं में जोश भर गया है। वे एक बार फिर से पूरी तैयारी में जुट गए हैं। सोशल साइट में तो इनके आमने-सामने की बड़ी चरचा है। कई चुटकुले बन चुके हैं, जो लाखों लोग शेयर कर रहे हैं। वाराणसी के चुनावी मैदान में भी उनके एक दूसरे के सामने उतरने की पूरी संभावना है। यहां भले ही सामना न हो पाए, लेकिन पॉलीटिकल हाईवोल्टेज जरूर पैदा होगा। कार्यक्रम से पहले दोनों ही माहौल बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ेगा।
मनीमाजरा से शुरू होगा केजरीवाल का रोड शो
पार्टी के कैंपेन मैनेजर डा. मुनीश रायजादा ने बताया कि अरविंद केजरीवाल का रोड सुबह नौ बजे मनीमाजरा से शुरू होगा। ढाई घंटे तक रोड शो होगा। मनीमाजरा के बाद केजरीवाल का रैला बापूधाम कालोनी, कालोनी नंबर चार, इंडस्ट्री एरिया फेज वन, रामदरबार, सेक्टर 47, 46, 45 के बाद कजहेड़ी, सेक्टर 42, 41, 40, डड्डूमाजरा, धनास, सेक्टर 25 और फिर ट्रिब्यून चौक। उसके बाद वे अंबाला के लिए निकल जाएंगे।
नरेंद्र मोदी का स्वागत करने के लिए भाजपा भी तैयार
अरविंद के रोड शो की स्वीकृति के लिए आम आदमी पार्टी आज अप्लाई करेगी। सूत्रों ने बताया कि केजरीवाल की ओर से रविवार सुबह स्वीकृति मिलने के बाद पार्टी ने रोड शो का खाका खींचा और उसके बाद परमिशन के लिए औपचारिक बात की। प्रशासन की ओर से सकारात्मक बातचीत होने के बाद पार्टी ने इस रूट पर फोकस करना शुरू कर दिया है। दूसरी तरफ भाजपाई भी पूरे जोश में हैं। वे भी नरेंद्र मोदी का स्वागत करने के लिए पूरी तरह से तैयार है। अब यह देखना मजेदार होगा कि रोड शो और रैली में किसका पलड़ा भारी होगा।