कांग्रेस के नेताओं ने तो विधानसभा के गेट पर सरकार विरोधी नारेबाजी भी की
हरियाणा में राज्यसभा की दूसरी सीट पर हुए चुनाव का मामला लगातार उलझता जा रहा है। विपक्षी दलों ने चुनाव में सुभाष चंद्रा की जीत के खिलाफ लामबंदी कर ली है।
इस बीच मतदान प्रक्रिया में धांधली की शिकायत पर शनिवार को एक बार फिर सुनवाई हुई। इसके बाद विपक्षियों ने सरकार पर जमकर निशाना साधा। कांग्रेस के नेताओं ने तो विधानसभा के गेट पर सरकार विरोधी नारेबाजी भी की। उन्होंने चुनाव में गहरी साजिश का आरोप लगाते हुए न्याय की मांग की। वहीं सुनवाई के बीच निर्दलीय उम्मीदवार आरके आनंद ने चुनाव में अनियमितता के साक्ष्य भी पेश किए। आनंद ने मतदान से पूर्व चुनाव अधिकारी और चंद्रा के नजदीकी के बीच फोन पर करीब दो दर्जन बार हुई बातचीत के कॉल डिटेल की कॉपी प्रस्तुत कर इस पर सवाल उठाए। साथ ही कॉल डिटेल की जांच की मांग की। उधर, सुभाष चंद्रा ने भी इन सभी आरोपों का खंडन किया है।
सुनवाई के लिए सुभाष चंद्रा भी पहुंचे :
सुबह करीब 11 बजे सुभाष चंद्रा और आरके आनंद विधानसभा पहुंच गए। उन्होंने इस मामले को लेकर अपने-अपने पक्ष रखे। इस दौरान उन्होंने अपने साक्ष्य भी आयोग के समक्ष रखे, लेकिन सुनवाई के दौरान ही 50 से अधिक कांग्रेसी कार्यकर्ताओं और नेताओं के पहुंचने के बाद माहौल गरमा गया। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए। इस साजिश में शामिल लोगों पर कार्रवाई की भी मांग की।
एजेंट और रिटर्निंग अफसर के बीच 26 बार हुई बातचीत
आर के आनंद और सुभाष चंद्र
- फोटो : amar ujala
निर्दलीय उम्मीदवार आरके आनंद ने चुनाव के दौरान सुभाष चंद्रा के नजदीकी वीरेंद्र मोहन (एजेंट) और चुनाव अधिकारी, विधानसभा सचिव आरके नांदल के बीच 26 बार बातचीत का आरोप लगाया और मामले की जांच की मांग की। दावा किया है बातचीत का रिकार्ड भी विधानसभा में उन्होंने पेश किया है।
जयप्रकाश और असीम गोयल पर फिर साधा निशाना :
आनंद ने पेन बदलने के मामले में विधायक जयप्रकाश और असीम गोयल पर फिर निशान साधते हुए कहा कि आयोग के समक्ष इस पूरे प्रकरण के बारे में बयान के साथ-साथ साक्ष्य भी पेश किए गए हैं, जिसकी विडियो रिकॉर्डिंग भी हुई है। आनंद ने एक सवाल के जवाब में कहा कि मामले पर अंतिम फैसला चुनाव आयोग करेगा और इस सिलसिले में वह मंगलवार को केंद्रीय चुनाव आयोग जाएंगे। यदि फिर भी उनकी मांगों पर उचित सुनवाई नहीं हुई तो वे अदालत का रुख करेंगे।
76 एमएलए से किया था समर्थन का आग्रह : चंद्रा
भाजपा समर्थित उम्मीवार सुभाष चंद्रा ने उन पर लगे सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया है। उन्होंने कहा कि आरके आनंद हरियाणा से बाहर के प्रत्याशी थे, लिहाजा कई विधायक उन्हें वोट नहीं देना चाहते थे।
साक्ष्यों से साजिश बेनकाब : कांग्रेस अध्यक्ष
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर ने फोन कॉल डीटेल का हवाला देते हुए कहा है कि चुनाव को लेकर कई ऐसे तथ्य आयोग के सामने पेश किए गए हैं, जिसमें साजिश की बात साफ हो जाती है।