मनीमाजरा। ऑल मनीमाजरा वेलफेयर एसोसिएशन ने बिजली के बढ़ कर रहे बिल और कनेक्शन आदि की समस्या को बिजली विभाग के अधिकारियों के समक्ष उठाया। इन मुद्दों को लेकर एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल चंडीगढ़ पावर डिस्ट्रीब्यूशन लिमिटेड (सीपीडीएल) के कार्यकारी अभियंता (एक्सईएन) बलबीर सिंह से मुलाकात की। उन्होंने मनीमाजरा में आ रही बिजली समस्याओं के समाधान के लिए ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने शहर में बिजली आपूर्ति, नए मीटर, बढ़े हुए बिल और स्ट्रीट लाइटों की खराब स्थिति को चिंता का विषय बताया। प्रतिनिधि मंडल में प्रधान एसएस परवाना, उपाध्यक्ष सुभाष धीमान और राजबीर सिंह मौजूद रहे।
इस पर एक्सईएन बलबीर सिंह ने भरोसा दिलाया कि जिन उपभोक्ताओं के घरों में मीटर नहीं हैं या खराब हैं, वे नए मीटर के लिए आवेदन करें। कंपनी प्राथमिकता के आधार पर मीटर लगाने का कार्य करेगी। बढ़े हुए बिल और फास्ट मीटर के मामलों को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा। साथ ही, खराब स्ट्रीट लाइटों को ठीक करने का निर्देश भी दे दिया गया है।