चंडीगढ़ में शनिवार को अचानक मौसम बदल गया। सुबह से काले बादल छा गए और फिर बरसात शुरू हो गई। बरसात से मौसम सुहावना हो गया और तापमान में भी गिरावट आ गई। इससे पहले शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे भी बादल छा गए थे और तेज हवाएं चलीं थी। थोड़ी देर तक कुछ इलाकों में बूंदाबांदी भी हुई थी। इससे मौसम खुशगवार हो गया था।
विदाई के दौर में है मानसून
मानसून विदाई के दौर में है। चंडीगढ़ मौसम केंद्र ने शनिवार को बरसात की संभावना जताई थी। शुक्रवार को शहर का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा। न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से एक डिग्री ज्यादा रहा। मौसम केंद्र के अनुसार, शनिवार को सीजन की आखिरी बारिश हो सकती है। इसके बाद बादल छाए रह सकते हैं लेकिन बारिश की संभावना काफी कम रहेगी।
यह भी पढ़ें: हरियाणा: 2020 में भर्ती कई क्लर्कों ने सत्यापित नहीं करवाए कागजात, एसएसएससी ने दिए तत्काल हटाने के आदेश
शनिवार को शहर का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है। चंडीगढ़ मौसम केंद्र के अनुसार एक जून से लेकर शुक्रवार शाम 5:30 बजे तक शहर में 1123.4 एमएम बारिश हुई है। यह सामान्य से 36.4 प्रतिशत ज्यादा है।