हिमाचल प्रदेश में बारिश और बांधों से छोड़े जा रहे पानी के बाद पंजाब की अधिकतर नदियां उफान पर हैं। इससे सूबे के नदी किनारे के इलाकों में काफी नुकसान हो रहा है। वहीं, मौसम विभाग ने पंजाब के नौ जिलों फाजिल्का, मुक्तसर, फरीदकोट, मोगा, फिरोजपुर, जालंधर, तरनतारन, कपूरथला और अमृतसर में बुधवार से तीन दिनों के लिए बारिश का अलर्ट घोषित किया है। वहीं, चंडीगढ़ में भी तीन दिन तक भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग ने बारिश के दौरान सावधानी से वाहन चलाने, पेड़ों के नीचे आश्रय न लेने, जलस्रोतों के पास न जाने और बहुत आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की गई है।
सतलुज में उफान से फाजिल्का में पुल डूबा, पठानकोट में बढ़ा खतरा
पंजाब में सतलुज नदी एक बार फिर उफान पर है। इससे फाजिल्का और फिरोजपुर जिलों में काफी नुकसान हुआ है। फाजिल्का में भारत-पाक सीमा पर बसे गांव ढाणी नत्था सिंह वाला में पुल पूरी तरह डूब गया, जिससे पांच ढाणियों (शहरी आबादी से बाहर के इलाके) का जलालाबाद से संपर्क टूट गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से दो नाव उपलब्ध करवाने की मांग की है।
वहीं, फिरोजपुर के सीमांत गांव कालू वाला में बाढ़ से कई मकान ढह गए हैं। यहां ग्रामीणों को अपने मकानों की छत पर सामान लेकर बैठना पड़ा। कई ग्रामीणों ने वहां बने सरकारी प्राइमरी स्कूल में शरण ली है। पानी घरों में घुस गया है। फिरोजपुर के आठ और फाजिल्का के 10 स्कूल 29 तक बंद कर दिए गए हैं। जालंधर के लोहियां और पटियाला के कुछ इलाकों में भी अभी तक स्कूल नहीं खुल पाए हैं।