रेल डिवीजन फिरोजपुर के अंतर्गत जम्मू-कश्मीर (वैली) में सिग्नल विभाग में तैनात एक रेलकर्मी नौकरी छोड़कर आतंकी बन गया है। उक्त कर्मी चार माह से नौकरी से गैरहाजिर चल रहा था। कुछ दिन पहले उसने एके-47 के साथ अपनी फोटो सोशल मीडिया में डाल आतंकी बनने की बात स्वीकार की है। इस संबंध में गृहमंत्रालय से रेल डिवीजन फिरोजपुर के अधिकारियों को एक पत्र भेजा गया है।
रेल डिवीजन फिरोजपुर के एडीआरएम एनके वर्मा ने कहा कि उन्हें इस संबंधी कोई जानकारी नहीं है। दो छुट्टियों के बाद सोमवार को कई डाक आई है, उन्हें देखने पर ही पता चल सकेगा। सूत्रों के मुताबिक वैली के पुलवामा निवासी मुद्दसर रशीद पुत्र अब्दुल रशीद भट्ट जम्मू-कश्मीर में रेलवे के सिग्नल विभाग में तैनात था। पिछले लगभग चार माह से रशीद गैरहाजिर चल रहा था।
कुछ दिन पहले ही उसने एके-47 के साथ अपनी एक फोटो सोशल मीडिया में डाली और खुद के आतंकी ग्रुप में शामिल होने की बात भी कबूली। इस सूचना के बाद रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों में खलबली मच गई। गृहमंत्रालय ने रशीद के आतंकवादी बनने संबंधी रेल डिवीजन फिरोजपुर के अधिकारियों को पत्र भेजा है।
रशीद की ऐसी गतिविधियों के बाद से रेल अधिकारी सतर्क हो गए हैं और वैली में कार्यरत प्रत्येक रेलकर्मी की जानकारी एकत्र करने लगे हैं और उनकी प्रत्येक गतिविधियों पर आरपीएफ खुफिया तंत्र पैनी नजर रखने लगा है।