रेलवे यात्रियों की सुविधाओं को बढ़ाते हुए पहली अप्रैल से देशभर में विकल्प स्कीम शुरू करने जा रहा है। इस स्कीम के जरिए उन लोगों को फायदा होगा जिनका ट्रेन टिकट वेटिंग लिस्ट में है।भारतीय रेलवे, यात्रियों की सुविधाओं को बढ़ाते हुए पहली अप्रैल से देशभर में विकल्प स्कीम शुरू करने जा रहा है।
अब तक जिन यात्रियों को ट्रेन में बर्थ नहीं (वेटिंग सूची) मिलती है, उन्हें उसी टिकट पर किसी और ट्रेन में सीट उपलब्ध कराई जाएगी। इसका लाभ लेने के लिए यात्री को रिजर्वेशन फार्म में बने कॉलम विकल्प में यस पर टिक करना होगा। रेल डिवीजन फिरोजपुर के कॉमर्शियल विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि ट्रेन में बर्थ नहीं मिलने पर रेलवे यात्री को रिफंड करती है। इससे रेलवे का नुकसान होता है।
इसलिए रेलवे ने एक अप्रैल से ‘विकल्प’ स्कीम शुरू की है। इसके तहत अगर किसी को लुधियाना से लखनऊ जाना है और लखनऊ जाने वाली किसी एक ट्रेन में उसे बर्थ नहीं मिलती है तो उसे लुधियाना से लखनऊ की ओर जाने वाली किसी और ट्रेन में सेम क्लास में बर्थ दे दी जाएगी। वहीं अगर किसी यात्री ने मेल एक्सप्रेस की टिकट ली है और उसमें जगह नहीं है, तो उस स्टेशन की ओर जाने वाली दुरांतों, राजधानी व शताब्दी ट्रेन में उसी टिकट पर सेम क्लास में बर्थ दी जाएगी। यह स्कीम पहले जम्मूतवी से दिल्ली और दिल्ली से लखनऊ के बीच चलने वाली कुछ ट्रेनों में लागू थी, लेकिन एक अप्रैल से इंडियन रेलवे की सभी ट्रेनों में शुरू हो जाएगी।