रेलवे ने डेरामुखी से अरबों रुपये की राशि वसूलने के लिए तैयारी शुरू कर दी है। इस समय रेलवे डेरामुखी की वजह से हो रहे वित्तीय नुकसान का आकलन कर रहा है।
हाईकोर्ट द्वारा डेरामुखी की संपत्ति को जब्त कर नुकसान पूरा करने के आदेश दिए जाने के बाद से ही रेलवे कार्रवाई में जुट गया है। जल्द राशि वसूलने के लिए रेलवे दावा भी दायर करेगा।
डेरामुखी को सजा सुनाए जाने के बाद से मचे उपद्रव के चलते कई ट्रेनें रद्द हो चुकी हैं, जबकि डेरा समर्थक ट्रेनों के डिब्बों में भी आग लगा चुके हैं। रेल परिचालन 25 अगस्त से पूरी तरह से ठप है। हरियाणा और पंजाब में दो दिन में एक भी ट्रेन नहीं चली है। ट्रेनों के नहीं चलने के कारण रेलवे को यात्रियों को रिफंड देना पड़ रहा है और आरक्षण रद्द हो रहे हैं।
रेलवे ने शनिवार शाम से ट्रेनें चलाने की मांग उठाई थी, मगर हरियाणा व पंजाब सरकार द्वारा बिगड़े हालात की वजह से इसकी अनुमति प्रदान नहीं की गई है। यही कारण है कि ट्रेन नहीं चलने से रेलवे का नुकसान प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है।