रेल बजट से पहले चंडीगढ़ और हरियाणा से जुड़ी योजनाओं को गति देने के लिए अंबाला लोकसभा क्षेत्र के सांसद रतन लाल कटारिया ने अपनी 15 मांगें रेल मंत्री सुरेश प्रभु के समक्ष रखी हैं।
उनकी मांगों में चंडीगढ़-यमुनानगर रेल मार्ग का निर्माण कार्य जल्द शुरू करना, चंडीगढ़ की तर्ज पर पंचकूला साइड रेलवे स्टेशन का विकास करना, चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर पंचकूला साइड यात्री भवन का निर्माण करना शामिल है।
चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर पंचकूला साइड 700 एकड़ भूमि का उपयोग शॉपिंग कांप्लेक्स या मॉल बनवाने हेतु, चंडीगढ़, अंबाला रेलवे स्टेशन को इंटरनेशनल स्तर का बनवाने, कालका से हरिद्वार तक रेल सेवा शुरू करने हेतु, कालका से अंबाला इलेक्ट्रिसिटी डबल लाइन बनवाने की मांग अहम है।
पंचकूला सेक्टर-19 के रेलवे फाटक पर रेलवे अंडरब्रिज बनाने के लिए, राजधानी एक्सप्रेस को अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन पर रुकवाया जाने के लिए, अंबाला की कपड़ा मार्केट को ध्यान में रखते हुए अंबाला रेलवे स्टेशन पर सभी गाड़ियों को रुकवाने के लिए, रेलवे वर्कशॉप जगाधरी को रेल कोच फैक्ट्री बनवाना, मूरी और हरिहर एक्सप्रेस की जगाधरी वर्कशॉप पर ठहराव करना, मुस्तफाबाद और यमुनानगर रेलवे स्टेशन पर ओवरब्रिज बनाने, बराड़ा रेलवे स्टेशन पर गाड़ियों को रुकवाना और यमुनानगर और अंबाला रेलवे स्टेशन के नवीनीकरण की मांग शामिल है।