बिजली चोरी के कुल कितने मामले पकड़े गए, कितनी जगह छापा मारा गया, कितनी एफआईआर हुई हैं, कुल कितना राजस्व सरकार को प्राप्त होगा, इसका खुलासा शनिवार को बिजली मंत्री रणजीत सिंह करेंगे। बिजली विभाग के एडीजीपी विजिलेंस कुलदीप सिंह सिहाग ने बताया कि जिलों में बिजली चोरों के खिलाफ बड़े पैमाने पर कार्रवाई की है। जिलों से डाटा जुटाया जा रहा है। सरकार को इसकी रिपोर्ट सौंपी जाएगी। अनेक एफआईआर भी दर्ज हुई हैं।
आठ जिलों में 1546 जगहों पर छापे
अकेले आठ जिलों में निगम की टीमों ने 1546 जगहों पर छापे मारे और उपभोक्ताओं से करीब सवा दो करोड़ रुपये जुर्माना लगाया है। हिसार में 40 टीमों ने 211 स्थानों पर छापा मारकर बिजली चोरी पकड़ी और उपभोक्ताओं पर 20.60 लाख रुपये जुर्माना लगाया। हिसार में बिजली निगम में एसडीओ रविंद्र कुमार के कार्यालय में घुसकर कुछ युवकों ने मारपीट की। अग्रोहा पुलिस को दी शिकायत में उन्होंने बताया कि शुक्रवार को अवैध बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ ड्यूटी लगी थी।
रोहतक में बिजली चोरी रोकने के लिए बिजली निगम की टीमों ने 343 जगहों पर छापा मारा और करीब 98 लाख का जुर्माना लगाया। इसी तरह सोनीपत में 70 जगहों पर बिजली चोरी करने वालों पर शिकंजा कसा। बिजली निगम की टीमों ने झज्जर में 28 टीमों ने करीब 500 स्थानों पर बिजली निगम ने छापा मारा। इस दौरान 228 स्थानों पर बिजली चोरी पकड़ी गई।
उपभोक्ताओं पर करीब 80 लाख रुपये जुर्माना लगाया है। इसी तरह रेवाड़ी में निगम की 18 टीमों ने 257 बिजली चोरी के मामले पकड़े हैं और 200 के खिलाफ कार्रवाई हुई है। वहीं उपभोक्ताओं पर करीब 25 से 30 लाख का जुर्माना लगाया गया है। इधर, अंबाला में गांव रत्नहेड़ी, मुन्नारेहड़ी सहित 4 गांव में बिजली चोरी पकड़ी गई। टीम से मारपीट करने पर केस भी दर्ज हुआ है। यमुनानगर के रादौर में 39 जगह बिजली चोरी पकड़ कर साढ़े पांच लाख जुर्माना वसूला गया। कुरुक्षेत्र जिले में बिजली निगम की 25 टीमें कार्रवाई में जुटीं रहीं। टीमों ने 126 स्थानों पर 30 से 35 लाख रुपए का जुर्माना लगाया है।