नशा रोकने के लिए केमिस्टों पर छापा
- फोटो : अमर उजाला
जिले के ड्रग कंट्रोल अधिकारी ने नशे को रोकने के लिए सिटी की कई केमिस्ट दुकानों पर छापेमारी की। इस छापेमारी के दौरान ड्रग कंट्रोल अफसर अमरपाल मल्ली के साथ पुलिस अधिकारी और जवान थे। छापेमारी के दौरान कोई दिक्कत न हो, इस लिहाज से डीएसपी सिटी गुरप्रीत सिंह और इंस्पेक्टर हरकृष्ण सिंह की अगुवाई में पुलिस जवान छापेमारी के दौरान शामिल थे।
छापेमारी में टीम ने केमिस्ट दुकानों का सेल-परचेज रिकॉर्ड, स्टॉक, लाइसेंस और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की छानबीन की। ड्रग कंट्रोल अफसर ने कहा कि पंजाब सरकार की हिदायतों के अनुसार छापेमारी करके हर आवश्यक चीज केमिस्ट दुकानों पर चेक की जा रही है। उन्होंने ढांगू रोड स्थित मेडी-किंग, रेलवे रोड स्थित रिधिमा मेडिकोज समेत कई दुकानों पर छापेमारी की।
ड्रग इंस्पेक्टर अमरपाल मल्ली ने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा नशे को सूबे से खत्म करने के लिए अभियान शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि केमिस्ट की दुकानों पर किसी भी प्रकार की अवैध दवाइयों की खरीद फरोख्त रोकने का सरकार प्रयास कर रही है। इस अभियान के लिए उनको (अमरपाल मल्ली को) जिले का इंचार्ज बनाया गया है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार की हिदायतों के अनुसार अवैध दवाइयों की खरीद-फरोख्त पर नकेल डालने के लिए यह छापेमारी की गई है। उन्होंने कहा कि छापेमारी में उनकी ओर से सेल-परचेज रिकॉर्ड, स्टॉक, लाइसेंस जरूरी चीजें चेक की जा रही हैं।