यात्रा भोगपुर में टी-ब्रेक के बाद खरल कलां आदमपुर में सुबह 11 बजे के करीब पहुंच गई थी। जहां राहुल व उनकी टीम के सदस्यों ने विश्राम किया और यात्रा तीन बजे शुरू होनी थी लेकिन आधा घंटा देरी से करीब 3:30 बजे शुरू हुई, जो ढडियाला के पास टी-ब्रेक लेकर टांडा चावला स्काई बार टी-प्वाइंट पर खत्म हुई। यहीं रात को सोने की व्यवस्था की गई है। इस दौरान नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी डॉ. नवजोत कौर खरल कलां पहुंची, जहां उन्होंने पहले राहुल गांधी से मुलाकात की और अब कदम से कदम मिलाकर टांडा रवाना हुईं।
दूसरे पड़ाव में राहुल गांधी ने 9.5 किलोमीटर का रास्ता पैदल तय किया और यात्रा होशियारपुर में दाखिल होकर टांडा पहुंच गई है। बुधवार यह यात्रा मुकेरियां से हिमाचल में चली जाएगी। जहां यह एक दिन स्टे करेगी। अगले दिन गुरुवार यह यात्रा पठानकोट पहुंचेगी। जहां रैली होगी और राहुल गांधी इसे संबोधित करेंगे। इसके बाद यात्रा छह किमी का सफर तय करने के बाद जम्मू-कश्मीर में दाखिल हो जाएगी।
इस दौरान यात्रा का भारी स्वागत हुआ और नेशनल हाइवे पर एक दर्जन से अधिक स्थानों पर राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का पुष्प वर्षा से स्वागत हुआ। इस दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री जयराम रमेश, पूर्व मंत्री विजयइंद्र सिंगला, पीपीसीसी प्रधान राजा अमरिंदर वड़िंग, आदमपुर से विधायक सुखविंदर कोटली भी शामिल हुए।