चंडीगढ़। पंजाब विश्वविद्यालय शासन सुधार को लेकर पंजाब यूनिवर्सिटी टीचर्स एसोसिएशन (पुटा) 20 मार्च को खुली बैठक करने जा रही है। इसमें सभी शिक्षकों को आमंत्रित किया गया है। यह बैठक कैंपस में होगी। विचार-विमर्श में जो सुझाव आएंगे, उनको समिति या अन्य जिम्मेदार लोगों तक पहुंचाया जाएगा। अब सवाल यह है कि पीयू की उच्च स्तरीय समिति ने सुझाव 19 मार्च तक मांगे हैं। ऐसे में पुटा की ओर से आने वाले सुझावों पर समिति विचार करेगी या नहीं, क्योंकि 20 मार्च को बैठक है।
पुटा सचिव अमरजीत सिंह नौरा ने कहा है कि पीयू की लोकतांत्रिक प्रणाली को जल्दबाजी में नहीं बदला जा सकता। इस प्रणाली को जीवित रखने व आगे बढ़ाने में हितधारकों का बड़ा योगदान रहा है। इस प्रणाली के बेहतर निर्णयों से ऐसी प्रतिभाएं निकली हैं, जो देश-दुनिया में रोशनी फैला रही हैं। पीयू के कुछ लोग अपने स्वार्थ के लिए इस प्रणाली को बदलने पर आमादा हैं। पुटा की ओर से वह सुझाव दिए जाएंगे, जिसमें पीयू, शिक्षकों, कर्मचारियों व हर आदमी का भला हो सके। उन्होंने कहा है कि खुली बैठक में लोग हिस्सा लें और अपनी बात रखें।