चंडीगढ़। पुलिस ने कार के बोनट पर रखे पर्स को लेकर भाग रहे एक चोर को गिरफ्तार किया है। पर्स में आठ हजार रुपये और कुछ जरूरी दस्तावेज रखा था। आरोपी की पहचान सेक्टर-26 के रहने वाले 25 साल के प्रकाश के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेशकर रिमांड पर लिया है।
सेक्टर 22 निवासी सुखविंदर सिंह ने बताया कि सेक्टर 26 स्थित टीपीटी एरिया में प्लॉट नंबर 8 में उनका ट्रांसपोर्ट का काम है। वह शनिवार शाम करीब 5:30 बजे अपने प्लॉट पर आया था। वह अपनी कार के पास खड़े होकर मोबाइल का इस्तेमाल कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने अपना काले रंग का पर्स कार के बोनट पर रखा दिया।
मोबाइल चलाते हुए वह प्लॉट की तरफ जाने लगे। जब वह प्लॉट पर पहुंचे तो उन्हें ध्यान आया कि पर्स बोनट पर रखा है। जब वह वापस कार के पास गए तो देखा एक अज्ञात व्यक्ति पर्स लेकर भाग रहा है। पर्स में 8 हजार रुपये, आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज थे। इसके बाद सुखविंदर ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी। सेक्टर-26 पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया। जांच के दौरान पुलिस ने प्रकाश को गिरफ्तार कर लिया और उसके कब्जे से पर्स बरामद कर लिया।