पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा ली जाने वाली अतिरिक्त पंजाबी की परीक्षा जनवरी में आयोजित की जाएगी। बोर्ड ने परीक्षा का शेडयूल तैयार कर दिया है।
वहीं, बोर्ड ने साफ किया है कि परीक्षा के लिए पूरे पंजाब में एक ही परीक्षा केंद्र बनाया जाएगा। आवेदकों को रोल नंबर घर के पते पर नहीं भेजे जाएंगे। बल्कि उन्हें बोर्ड की वेबसाइट से रोल नंबर डाउनलोड करने होंगे।
बोर्ड से मिली जानकारी के मुताबिक, परीक्षा के लिए दाखिला फार्म 16 जनवरी तक भरे जाएंगे। जबकि परीक्षा 24 और 25 फरवरी को आयोजित की जाएगी। परीक्षा के लिए पूरे राज्य में एक ही सेंटर बनाया गया है। वहीं, सेंटर तक आने के लिए विद्यार्थियों को मुश्किल न आए, इसके लिए बोर्ड ने परीक्षा का समय सुबह 11 बजे से सवा दो बजे तक तय किया है।
वहीं, परीक्षा हॉल में पेपर पढ़ने के लिए 15 मिनट अतिरिक्त समय दिए जाएंगे। बोर्ड अधिकारियों के मुताबिक, परीक्षा में जो छात्र अपीयर होंगे, उनके रोल नंबर बोर्ड द्वारा 20 जनवरी को वेबसाइट पर अपलोड कर दिए जाएंगे। वहां से छात्रों को रोल नंबर हासिल करने होंगे। बोर्ड की वेबसाइट से रोल नंबर डाउनलोड करने के लिए www.pseb.ac.in पर लॉगिन करना होगा। वहीं, परीक्षा के लिए फीस बोर्ड ने तीन हजार रुपये तय की है।
परीक्षा हाल में मोबाइल ले जाने की अनुमति नहीं
बोर्ड अधिकारियों ने साफ कर दिया है कि परीक्षा हॉल में किसी विद्यार्थी को मोबाइल व अन्य डिवाइस ले जाने की अनुमति नहीं होंगी। यदि कोई ऐसा करता है तो उसके खिलाफ बोर्ड द्वारा कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा परीक्षा में बैठने की पात्रता भी कैंसिल कर दी जाएगी।