चंडीगढ़। गोरियां गल्लां विच तेरे टोय बड़े फब दे... गीत जैसे ही जस बाजवा ने प्रस्तुत किया तो पीजीआई का भार्गव ऑडिटोरियम में बैठे सैकड़ों लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका स्वागत किया। मौका था नर्सिंग सप्ताह के अंतर्गत शनिवार को पीजीआई में आयोजित स्टार नाइट का। इसमें जस बाजवा ने एक के बाद एक गानों की प्रस्तुति देकर वहां मौजूद दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। पीजीआई नर्सेज वेलफेयर एसोसिएशन की तरफ से आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ निदेशक प्रोफेसर विवेक लाल ने किया।
जस बाजवा ने जब तारे गिन गिन याद च तेरी मैं तां जागां रातां नू... जट इक तेरे करके.. गीत पेश किया तो युवा जमकर नाचे। इस दौरान प्रो. विवेक लाल ने पीजीआई के नर्सिंग ऑफिसर को शुभकामनाएं दीं और कहा कि उनकी मेहनत और ईमानदारी के बल पर ही कोरोना महामारी में उन्होंने हजारों मरीजों की जान बचाने में सफलता प्राप्त की। वहीं जस बाजवा ने प्रस्तुति देने से पहले नर्सिंग ऑफिसर को कोरोना योद्धा के रूप में हजारों जिंदगियां बचाने के लिए आभार व्यक्त किया। इससे पहले सुबह पीजीआई के भार्गव ऑडिटोरियम में ही विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें पीजीआई के नर्सिंग ऑफिसर ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। इस अवसर पर पीजीआई के चिकित्सा अधीक्षक प्रोफेसर विपिन कौशल व मुख्य नर्सिंग अधिकारी डॉ. जसपाल कौर मौजूद थीं।