सेल्फी के कारण बीच में कार्यक्रम छोड़कर भागे पंजाबी सिंगर
- फोटो : अमर उजाला
लोगों को सेल्फी का क्रेज होता है, लेकिन कभी-कभी ये मुसीबत भी बन जाती है। ऐसा ही कुछ हुआ, इस सिंगर के साथ कि उन्हें स्टेज छोड़कर भागना पड़ा। मामला मोहाली के डेराबस्सी का है। वाल्मीकि जयंती की पूर्व संध्या पर रामलीला मैदान में आयोजित समारोह में प्रस्तुति देने आए पंजाबी लोक गायक निंजा बीच में कार्यक्रम छोड़कर चले गए।
प्रशंसकों के मंच पर आने और सेल्फी लेने से तंग होकर उन्होंने यह कदम उठाया। इस कारण बड़ी संख्या में गायक को सुनने पहुंचे लोगों में मायूसी देखने को मिली। जानकारी के अनुसार, लवकुश नौजवान सभा के प्रधान राधेश्याम की अगुवाई में कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम में स्टार कलाकार निंजा थे। प्रोग्राम जब शुरू हुआ तो युवा गायक अमन संधू व सोनू सेठी ने प्रस्तुति देकर दर्शकों की वाहवाही बटोरी।
कार्यक्रम के अंत में जब प्रस्तुति देने मंच पर निंजा आए तो प्रशंसक उनके साथ सेल्फी लेने के लिए मंच पर चढ़ गए। भीड़ बेकाबू होने के कारण निंजा मंच पर खुलकर गा नहीं पा रहे थे। वह प्रशंसकों से मंच खाली करने के लिए कहते रहे, लेकिन कोई मंच से नीचे नहीं उतरा। बताया जा रहा है कि सेल्फी लेने वालों में आयोजक भी शामिल थे।
नाकाफी सुरक्षा प्रबंध और बेकाबू भीड़ से हुए परेशान
सेल्फी के कारण बीच में कार्यक्रम छोड़कर भागे पंजाबी सिंगर
- फोटो : अमर उजाला
नाकाफी सुरक्षा प्रबंध और बेकाबू भीड़ के कारण निंजा ने अपने बाउंसरों को इशारा किया और मंच छोड़कर अपनी स्कॉर्पियो में बैठे गए। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पंजाबी लोक गायक को दो घंटे तक प्रस्तुति देनी थी, लेकिन अव्यवस्था के कारण आधे घंटे में मंच छोड़कर चले गए। इसके बाद हजारों की संख्या में पहुंचे दर्शकों ने हूटिंग शुरू कर दी। पुलिस ने बड़ी मुश्किल से भीड़ को संभाला।
आयोजक सभा के प्रधान राधेश्याम ने कहा कि बेकाबू भीड़ व कम सुरक्षा फोर्स के कारण निंजा को वहां से जाने के अलावा कोई अन्य विकल्प नहीं था। प्रबंधक राधेश्याम ने कहा कि गायक को सुनने के लिए प्रशंसकों की भीड़ ज्यादा हो गई थी। जिसको संभालने में पुलिस नाकाम रही। सुरक्षा प्रबंधों को देखते हुए निंजा तय समय से कुछ देर पहले चले गए।
बतौर मुख्य मेहमान एमएलए एनके शर्मा के भाई परमिंदर शर्मा निंजा के जाने के बाद समारोह स्थल पर पहुंचे, जबकि विशेष मेहमान के तौर पर एसपी अर्शदीप सिंह, कांग्रेस के प्रदेश महासचिव दीपइंदर ढिल्लों, केतन शारदा, आशा कालिया व कुलजीत रंधावा ने भी हाजिरी लगाई। इस मौके पर रविंदर वैष्णव, कृष्ण कुमार, मनप्रीत देवीनगर, राजिंदर कुमार, राकेश कुमार रिंकू, रोहित पाहवा भी मौजूद थे।