पंजाबी रैपर-गायक और गीतकार जैजी बी ने 'एक राष्ट्र एक भाषा' पर उठे विवाद में गुरदास मान से माफी की मांग की। शनिवार बाद दोपहर श्री हरमंदिर साहिब में माथा टेकने के बाद मीडिया से बातचीत में कहा कि लोक गायक गुरदास मान ने मां बोली पंजाबी के बारे में जो बयान दिया है, वह उसमें माफी मांग लें।
उन्होंने कहा कि मान ने गुस्से में आकर मां बोली के बारे में जो आपत्तिजनक शब्द कहे, उस पर भी उन्हें तुरंत माफी मांग लेनी चाहिए। जब इंसान पर गुस्सा हावी होता है तो वह कोई गलती कर देता है। गुरदास मान ने मां बोली पंजाबी की बहुत सेवा की है। इंसान गलतियों का पुतला है। मान ने जो कहना चाहा था, वह सही ढंग से प्रचारित नहीं हो सका। भाषा के बारे में दिए गए बयान को अच्छे ढंग से क्लियर कर देते तो यह विवाद नहीं होना था।
उन्होंने कहा कि वह भी गुरदास मान के बड़े फैन हैं। उन्होंने पंजाबी भाषा के साथ जितने बेहतर गाने गए हैं, शायद किसी कलाकार ने गाए हो। पंजाबी बहुत बड़े दिलवाले हैं, यदि उन्होंने माफी मांगी तो लोग उन्हें माफ कर देंगे। इससे पहले जैजी बी ने मुख्य भवन में सुशोभित श्री गुरु ग्रंथ साहिब के आगे नतमस्तक होकर अरदास की।