पंजाबी फिल्मों के सम्मान में तीन साल से हो रहे पीटीसी पंजाबी फिल्म अवार्ड को इस साल भी मनाया जा रहा है।
इसका आयोजन 28 फरवरी को किया जा रहा है। पीटीसी नेटवर्क ने होटल ताज में इस बाबत प्रेस कान्फ्रेंस की। इस मौके पर दिलजीत दोसांझ, बीन्नू ढिल्लो, पीटीसी नेटवर्क की सीईओ और डायरेक्टर राजी एम शिंदे और नेटवर्क के प्रेसिडेंट रबिंद्र नारायण मौजूद थे।
पीटीसी नेटवर्क के प्रेसिडेंट रबिंद्र ने बताया की पिछली बार की तरह इस बार भी अवार्ड समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इसके लिए 37 फिल्मों का चयन किया गया है।
इनमें जट एंड जूलियट-2, साडा हक्क, सिंह वर्र्सेस कौर जैसी कुछ हिट फिल्मों में से बेस्ट फिल्म समेत 22 अलग-अलग कैटेगरी में अवार्ड दिए जाएंगे। अवार्ड सेरेमनी में धर्मेंद्र, अनिल कपूर, मीका सिंह, हनी सिंह और विवेक ऑबरॉय जैसे कलाकार भी शामिल होंगे।
कार्यक्रम मोहाली सेक्टर-78 के स्पोर्ट्स स्टेडियम में 28 फरवरी को होगा। इसका लाइव प्रसारण पीटीसी चैनल पर भी होगा। इस मौके पर दिलजीत दोसांझ ने कहा की उन्हें खुशी है कि उनकी फिल्म बेस्ट फिल्म की सूची में है। इस बार अवार्ड समारोह की एंकरिंग दोबारा दिलजीत ही कर रहे हैं।