भारी बरसात से शहर के बाजार नंबर 4, बाजार नंबर 9, सरकुलर रोड, गोशाला रोड पटेल नगर, भगत सिंह चौक, जैन नगरी, नानक नगरी, आनंद नगरी, तहसील परिसर पानी में डूब गए और लोगों का अपने घरों से निकलना मुश्किल हो गया। वहीं दोपहर तक पानी की निकासी न होने से शहर का पूरा बाजार बंद रहा।
इसी बीच एसडीएम आकाश बांसल ने डिस्पोजल वर्क्स का दौरा करके पानी निकासी के प्रबंधों का जायजा लिया। उन्होंने वाटर एवं सीवरेज विभाग को शीघ्र ही सड़कों से बरसाती पानी की निकासी सुचारु बनाने का निर्देश दिया। एसडीएम ने एक दिन के लिए सभी सरकारी और निजी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया।
इधर, भारी बरसात से नरमा के खेतों में पानी भर गया, जिससे फसल खराब होने की संभावना है। इस बारे में किसानों का कहना है कि कई खेतों में बरसात का पानी अधिक भर गया जिसे निकालने का प्रयास किया जा रहा है लेकिन अगर लगातार और बरसात होती है तो फसलें पूरी तरह से खराब हो सकती है। इसी प्रकार मूंगी फसलों में पानी भरने से किसानों को नुकसान हुआ है।
फरीदकोट में 99.6 एमएम बारिश
फरीदकोट जिले में शुक्रवार को मानसून सीजन की पहली बारिश हुई। जिले में 99.6 एमएम बरसात रिकॉर्ड की गई। बरसात से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली लेकिन साथ ही काफी मुश्किलों का भी सामना करना पड़ा। बारिश के कारण फरीदकोट, कोटकपूरा व जैतो शहर के तमाम सड़कों पर कई-कई फुट पानी भर गया।
साथ ही निचले क्षेत्र की दुकानों व घरों में पानी घुस जाने से नुकसान भी हुआ। फरीदकोट के न्यू हरिन्द्रा नगर में बारिश के बाद डेयरी फार्म का शेड गिर गया। इसके कारण एक भैंस की मौत हो गई जबकि 12 भैंस घायल हैं। इसके अलावा एक मोटरसाइकिल समेत अन्य सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया। उधर, जैतो में एक घर के कमरे की छत गिरने से चार वर्षीय लड़की घायल हो गई।