कर्मचारी यूनियन ने लगाए गंभीर आरोप
पंजाब रोडवेज, पनबस, पीआरटीसी कांट्रैक्ट मुलाजिम यूनियन पंजाब की ओर से परिवहन विभाग के नए आदेश की निंदा करते हुए आरोप लगाया गया कि यूनियन और मुख्य सचिव के बीच वार्ता में हुए फैसलों को लागू करने के बजाय कांट्रैक्ट ठेकेदार से मिलीभगत करने और निजी बस ऑपरेटरों को फायदा पहुंचाया जा रहा है।
यूनियन के संस्थापक कमल कुमार और प्रांतीय अध्यक्ष रेशम सिंह गिल ने एक बयान में कहा कि मुख्य सचिव की ओर से यूनियन को एक माह में मांगों का हल करने का भरोसा दिया गया था लेकिन परिवहन विभाग के नए पत्र से साफ हो गया है कि विभाग के आला अफसर ही विभाग को नुकसान पहुंचाने की कोशिश में जुटे हैं।
पिछली हड़ताल के लिए कांट्रैक्ट ठेकेदार द्वारा कच्चे मुलाजिमों का वेतन काट लिया गया है, जो विभाग के अफसरों के इशारे पर हुआ है। नए पत्र से साफ हो गया है कि विभाग मुलाजिमों की मांगों का हल निकालने के बजाय माहौल बिगाड़ना चाह रहा है ताकि पंजाब रोडवेज और पनबस को नुकसान पहुंचे और निजी बस ऑपरेटरों को लाभ हो।