फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रविदास मंदिर गिराए जाने के विरोध में पंजाब बंद के दौरान बवाल, हाईवे जाम, ट्रेनें थमीं, लोग परेशान

Tue, 13 Aug 2019 01:28 PM IST
खुशबू गोयल न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जालंधर(पंजाब)
विज्ञापन
पंजाब बंद - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
दक्षिणी दिल्ली में श्री गुरु रविदास जी का मंदिर गिराने के विरोध में मंगलवार को पंजाब बंद के आह्वान का व्यापक असर रहा। बैंक और बाजार बंद रहे। रविदासिया समाज के अनुयायियों ने धरना, प्रदर्शन कर सड़कों पर जाम लगा दिया, जिससे आवाजाही पूर्ण रूप से प्रभावित रही। कई ट्रेनें भी प्रभावित र्हुइं। इससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। होशियारपुर के मुकेरियां में पुलिस को प्रदर्शनकारियों को खदेड़ने के लिए हवाई फायरिंग और नवांशहर में  लाठीचार्ज करना पड़ा। वहीं, कांग्रेस द्वारा रविदासिया समाज को पूरा समर्थन दिया गया और सांसद से लेकर विधायक तक धरना- प्रदर्शन करने वालों के साथ सड़कों पर बैठे।
विज्ञापन


सुबह बारिश हो रही थी, इसके बावजूद रविदासिया समाज के लोग सड़कों पर आ गए। नकोदर मार्ग ठप कर पठानकोट नेशनल हाईवे और अमृतसर नेशनल हाईवे भी अवरुद्ध कर दिया गया। पूरे जालंधर शहर में रविदास समुदाय से जुड़े लोगों ने नाके और धरना देकर  नारेबाजी की। आंदोलनकारियों द्वारा रेल ट्रैक पर धरना देने के कारण सूबे के कई  रेलवे स्टेशनों पर एहतियातन दो घंटे से भी ज्यादा समय से कई ट्रेनें रुकी रहीं। फगवाड़ा में अमरनाथ एक्सप्रेस, फिल्लौर में स्वराज एक्सप्रेस को दो घंटे रोके रखा गया। लुधियाना में आम्रपाली, हावड़ा, शान-ए-पंजाब और शताब्दी को एक घंटे से ज्यादा समय खड़ी रहीं।

ये भी पढ़ें: अंबालाः विधायक संतोष सारवान को जड़ा थप्पड़, तो लोगों ने युवक को जमकर पीटा, पुलिस को सौंपा
विज्ञापन


वहीं, सुबह कई निजी बैंकों की शाखाओं को बंद कर दिया गया। आईसीआईसीआई समेत कई बैंकों की शाखाओं को सुबह 11 बजे बंद करने का आदेश जारी कर दिया गया। रविदासिया समाज के गढ़ माने जाने वाले इलाके बूटा मंडी के रविदास चौक पर दिन भर प्रदर्शन जारी रहा। इसमें सांसद चौ. संतोख सिंह, विधायक परगट सिंह, सुशील कुमार रिंकू, सीनियर डिप्टी मेयर सुरिंदर कौर के अलावा कांग्रेस के कई नेताओं ने शिरकत की। इस दौरान सुशील रिंकू ने मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की तरफ से कहा कि पंजाब सरकार खुद अपने खर्चे पर रविदासिया मंदिर दिल्ली में बनाने के लिए तैयार है, इसके लिए साधु संप्रदाय की हामी की जरूरत है।
Trending Videos

लुधियाना में तेज बारिश के बावजूद  प्रदर्शनकारी धरने पर बैठे रहे। रविदास भाईचारे के लोगों ने शहर के प्रमुख चौक घेर लिए। जो लोग अस्पतालों में दवा लेने जा रहे थे उन्हें भी वाहन नहीं निकालने दिए। भारत नगर चौक में कार से अस्पताल जा रहे युवक के साथ प्रदर्शनकारियों ने मारपीट की, जिससे वह घायल हो गया। होशियारपुर के मुकेरियां के गांव हरसा मनसर में हालत उस समय नाजुक हो गई जब बंद समर्थकों ने एक दुकानदार से मारपीट की। इसके बाद बंद समर्थकों व ग्रामीणों में पत्थरबाजी शुरू हो गई। हालात इतने गंभीर हो गए कि पुलिस को हवाई फायरिंग करनी पड़ी। बटाला में  प्रदर्शनकारियों ने मोदी सरकार का पुतला फूंका। प्रदर्शनकारी बटाला रेलवे स्टेशन पर पहुंचे और रेलवे लाइनों पर बैठकर प्रदर्शन किया।

ये भी पढ़ें: कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कश्मीरी विद्यार्थियों संग मनाई ईद दी दावत, छात्र बोले- पंजाब हमारा दूसरा घर

जलालाबाद के शहीद ऊधम सिंह चौक पर प्रदर्शनकारियों के धरना देने के बाद सभी दुकानदारों को दुकानें खोलने को कह दिया गया। बाघा बाजार में  प्रदर्शनकारियों द्वारा दुकानों के आगे पड़ा सामान बिखेरने पर दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच दोनों को शांत करवाया। खन्ना में रविदास समुदाय के लोगों ने शेरशाह शूरी मार्ग पर जाम लगाकर करीब तीन घंटे जीटी रोड पर धरना दिया।

पठानकोट में हिमाचल, जम्मू और पंजाब जाने वाले पांच मुख्य मार्गों पर धरना
पठानकोट में रविदास समुदाय ने पठानकोट-जालंधर नेशनल हाईवे समेत कुल पांच मुख्य मार्गों पर धरना दिया। प्रदर्शनकारियों ने हिमाचल, जम्मू और पंजाब के विभिन्न शहरों को जाने वाले मुख्य मार्ग चक्की पुल पर तीन घंटे धरना दिया। मोदी सरकार और डीडीए के खिलाफ रोष व्यक्त करते लोगों ने 21 अगस्त को दिल्ली सील करने की धमकी दी।
विज्ञापन

प्रदर्शनकारियों के कारण 11 ट्रेनें प्रभावित

रेल डिवीजन फिरोजपुर में कई स्थानों पर प्रदर्शनकारियों की ओर से रेलमार्ग ठप रखने के कारण 11 ट्रेनें प्रभावित हुईं। इससे यात्रियों को तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ा। रेल अधिकारियों के मुताबिक लुधियाना, जालंधर, जम्मूतवी व अमृतसर से चलने वाली अधिकांश ट्रेनें प्रभावित हुई हैं।

प्रभावित होने वाली ट्रेनों में स्वराज एक्सप्रेस (12471 अप), कटियार एक्सप्रेस (15707 अप), पठानकोट-दिल्ली एक्सप्रेस (22430 डाउन), शान-ए-पंजाब एक्सप्रेस (12497-12498) , अमृतसर स्वर्ण ज्योति शताब्दी एक्सप्रेस  (12029-12030), अमृतसर-नंगल डैम एक्सप्रेस (14506-14505), शहीद एक्सप्रेस (14674) व अमृतसर-कानपुर साप्ताहिक एक्सप्रेस (22446) शामिल है। रेल अधिकारियों के मुताबिक कई ट्रेनों के रूट बदले गए और कई ट्रेनों को किसी अन्य स्टेशन पर रोके रखा गया।

मुंबई, इंदौर व गुवाहाटी से आने वाली ट्रेनें घंटों लेट
पंजाब बंद को लेकर प्रदर्शनकारी मंगलवार को रेल की पटरियों पर बैठ गए। प्रदेश में कई जगह पर ट्रैक बाधित होने के कारण दर्जन भर से अधिक ट्रेनें प्रभावित हुईं। इस दौरान कई ट्रेनों को विभिन्न स्टेशनों से लौटा दिया गया जबकि विभिन्न राज्यों से पठानकोट के रास्ते कटरा जाने वाली लंबी दूरी की तीन ट्रेनें घंटों देरी से पहुंची। वहीं शाम 4 बजे के बाद दिल्ली-कटरा रेल सेक्शन को बहाल कर दिया गया।

जानकारी के मुताबिक विभिन्न राज्यों से जम्मूतवी व कटड़ा जाने वाली लगभग सभी ट्रेनें सुबह समय पर पहुंच गई थीं लेकिन दस बजे के बाद आने वाली तीन ट्रेनें पांच से 6 घंटा देरी से पहुंची। मुंबई से कटड़ा जाने वाली स्वराज सुपरफास्ट, गुवाहाटी से जम्मूतवी जाने वाली अमरनाथ सुपरफास्ट और कटरा से इंदौर जाने वाली मालवा सुपरफास्ट को लुधियाना, फिल्लौर व अन्य स्टेशनों पर रोकने की वजह से यह ट्रेनें चार से पांच घंटा देरी से पठानकोट पहुंची।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें