पंजाब स्कूल शिक्षा विभाग ने विद्यार्थियों के लिए राज्य स्तर की राष्ट्रीय प्रतिभा खोज परीक्षा (एनटीएसई, स्टेज-1) में पंजीकरण कराने का फिर से मौका देते हुए पोर्टल को 11 से 15 नवंबर तक दोबारा खोलने का फैसला लिया गया है। यह परीक्षा 13 दिसंबर को होगी। इस परीक्षा के लिए पंजीकरण http://epunjabschool.gov.in पोर्टल पर करवाया जा सकता है।
पंजाब स्कूल शिक्षा विभाग के प्रवक्ता के अनुसार, यह परीक्षा दसवीं में पढ़ने वाले बच्चे दे सकते हैं। परीक्षा के लिए अनुसूचित जातियों, अनुसूचित जनजातियों और दिव्यांग विद्यार्थियों के नौवीं कक्षा में 55 प्रतिशत और अन्य श्रेणियों के लिए 70 प्रतिशत अंक होने चाहिए।
एनसीईआरटी नई दिल्ली द्वारा ली जाने वाली स्टेज-2 की परीक्षा पास करने वाले लगभग दो हजार विद्यार्थियों को एनसीईआरटी द्वारा छात्रवृत्ति दी जाएगी। 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को यह छात्रवृत्ति 1250 रुपये प्रति महीना, स्नातक और स्नातकोत्तर के लिए 2000 रुपये प्रति महीना और अन्य कक्षाओं के लिए यूजीसी (विश्वविद्यालय अनुदान आयोग) के नियमों के अनुसार मिलेगा। इस छात्रवृत्ति के लिए केंद्र सरकार की आरक्षण नीति के अनुसार आरक्षण होगा।