पंजाब चुनाव के लिए आप कन्वनीनर अरविंद केजरीवाल ने पार्टी का यूथ मेनिफेस्टो जारी किया, जानिए दिग्गजों ने क्या कहा।
प्रदेश कांग्रेस प्रधान कैप्टन अमरिंदर सिंह ने आम आदमी पार्टी के यूथ मेनिफेस्टो को कांग्रेस से चोरी विचारों का गुलदस्ता बताया है। उन्होंने कहा कि यह चोरी की बोतल में चोरी की शराब है। कैप्टन ने कहा कि हैरानी की बात है कि आप ने अपनी चोरी छिपाने की कोशिश भी नहीं की। आप ने नशा व भ्रष्टाचार मुक्त पंजाब के अलावा युवाओं के लिए रोजगार पैदा करने व सभी झूठे केस रद करने संबंधी कांग्रेस के विचारों को कॉपी-पेस्ट किया है।
ये वादे कांग्रेस ने 15 दिसंबर को बठिंडा रैली के दौरान किए थे। आप ने 25 लाख नौकरियां देने का वादा किया है। वह पहले ही हर परिवार के एक सदस्य को नौकरी का वादा कर चुके हैं। कैप्टन ने नशा मुक्त, भ्रष्टाचार मुक्त पंजाब और सरकारी नौकरियों की भरती में अर्जी फीस बंद करने जैसे एलानों पर भी आप को घेरा। कैप्टन ने कहा कि जो भी वादे आप ने अपने मेनिफेस्टो में किए हैं, ये एलान वह पहले ही कर चुके हैं।
दिन में सपने देखना बंद करें केजरीवाल : मजीठिया
चंडीगढ़। कैबिनेट मंत्री बिक्त्रस्म मजीठिया ने कहा है कि आप कन्वीनर अरविंद केजरीवाल को हवाई किले बनाने के बजाय अपने बारे में सोचना चाहिए। क्योंकि दिल्ली में भी उनके सत्ता के दिन कम ही रह गए हैं। आप लगातार विधायक खो रही है, लोगों का भरोसा भी उठ गया है और हो सकता है कि केजरीवाल तीन महीने बाद दिल्ली के सीएम भी न रहें।
मजीठिया ने केजरीवाल को मानहानि मामले में रोजाना सुनवाई की चुनौती देते हुए कहा कि वह तीन महीने में सलाखों के पीछे होंगे। केजरीवाल दिन में सपने देख रहे हैं कि उन्हें पंजाब की सत्ता मिल जाएगी। पर पंजाब के लोग इतने मूर्ख नहीं हैं। उनका आखिरी ठिकाना मानहानि मामले में जेल ही होगा।