मूसेवाला हत्याकांड में लॉरेंस गैंग का हाथ
एडीजीपी (लॉ एंड आर्डर) के नेतृत्व में पंजाब के एडवोकेट जनरल समेत एक टीम मंगलवार को दिल्ली पहुंच गई थी। दिल्ली पुलिस ने रिमांड समाप्त होने पर लॉरेंस बिश्नोई को अदालत में पेश किया था। दिल्ली पुलिस ने भी मूसेवाला हत्याकांड में लॉरेंस बिश्नोई को रिमांड पर लेकर पूछताछ की थी, जिससे यह साफ हो गया था कि हत्याकांड में बिश्नोई और उसके गैंग का हाथ है।
दिल्ली पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई को जैसे ही अदालत में पेश किया, पंजाब पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर पंजाब ले जाने की दो अलग-अलग अर्जियां अदालत में पेश कर दीं, जिन पर काफी लंबी बहस चली। बिश्नोई के वकीलों ने उसे पंजाब पुलिस के हवाले किए जाने का यह कहते हुए भारी विरोध किया कि पंजाब में बिश्नोई का एनकाउंटर हो सकता है।
दूसरी ओर पंजाब पुलिस ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि वह दो बुलेट प्रूफ गाड़ियां, अन्य 20 गाड़ियां और उच्च पुलिस अधिकारियों समेत 50 पुलिसकर्मियों के साथ पहुंचे हैं और बिश्नोई को पंजाब ले जाते समय पूरे रास्ते की वीडियोग्राफी की जाएगी। इस पर बिश्नोई के वकीलों ने अदालत से कहा कि पंजाब पुलिस गिरफ्तारी के बाद दिल्ली में ही बिश्नोई से पूछताछ कर ले और अगर बिश्नोई को पंजाब लेकर ही जाना है तो उसे हथकड़ियां और बेड़ियां लगाकर ले जाया जाए, ताकि किसी भी तरह पुलिस यह बहाना न बना सके कि लॉरेंस बिश्नोई ने भागने की कोशिश की थी। अदालत ने लॉरेंस बिश्नोई के वकील और पंजाब पुलिस का पक्ष सुनने के बाद लॉरेंस बिश्नोई को पंजाब पुलिस के हवाले करने का आदेश दिया।
लॉरेंस के खिलाफ पांच राज्यों में दर्ज हैं 36 केस
गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई पर पंजाब, चंडीगढ़, हरियाणा, दिल्ली व राजस्थान में कुल 36 केस दर्ज हैं। इनमें से सबसे ज्यादा 17 केस पंजाब के विभिन्न जिलों में लंबित चल रहे हैं। फरीदकोट जिले में भी लॉरेंस बिश्नोई पर दो केस दर्ज हैं और इनमें से एक केस यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष गुरलाल सिंह पहलवान की हत्या का है।
पहलवान की फरवरी 2021 में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्या के कुछ समय बाद ही सोशल मीडिया पर लॉरेंस व गोल्डी बराड़ ने हत्याकांड की जिम्मेदारी ली थी। हालांकि उस समय राजस्थान की अजमेर जेल में बंद लॉरेंस को फरीदकोट पुलिस ने प्रॉडक्शन वारंट पर लाने की कोशिश की थी। उसका दो बार प्रॉडक्शन वारंट भी जारी करवाया लेकिन सुरक्षा कारणों का हवाला देकर उसे फरीदकोट नहीं लाया जा सका। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार लॉरेंस बिश्नोई पर फरीदकोट, मुक्तसर, फाजिल्का, मोहाली, अमृतसर जिलों में कुल 17 केस दर्ज है।
29 मई को की गई थी मूसेवाला की हत्या
मशहूर पंजाबी गायक, रैपर और कांग्रेस नेता सिद्धू मूसेवाला की 29 मई की शाम गोलियां बरसाकर हत्या कर दी गई थी। हमलावर दो कारों में सवार होकर आए थे। हत्याकांड को उस समय अंजाम दिया गया, जब सिद्धू अपनी थार गाड़ी से दो साथियों के साथ मानसा के गांव जवाहरके के रास्ते गांव खारा-बरनाला जा रहे थे। पंजाबी रैपर की सुरक्षा में चार पुलिस गनमैन थे। इनमें से दो सुरक्षाकर्मियों को पंजाब सरकार ने वापस बुला लिया था।