सिद्धू मूसेवाला की हत्या में शामिल गैंगस्टर दीपक टीनू को दिल्ली पुलिस ने पंजाब पुलिस के हवाले कर दिया गया है। उसे दिल्ली से मानसा लाया जा रहा है। दिल्ली की पटियाला हाउस अदालत ने सोमवार को पंजाब पुलिस की ट्रांजिट रिमांड की याचिका मंजूर कर उसे संबंधित अदालत में पेश करने का निर्देश दिया है।
दीपक टीनू एक अक्तूबर को मानसा पुलिस की हिरासत से फरार हो गया था। बाद में दिल्ली पुलिस ने उसे 19 अक्तूबर को अजमेर से गिरफ्तार किया था। तीन दिन पहले मनसा पुलिस ने टीनू का ट्रांजिट रिमांड लेने की खातिर दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट में अर्जी दाखिल की थी लेकिन उससे पहले ही दिल्ली पुलिस को उसका तीन दिन का रिमांड मिल गया। इससे मानसा पुलिस को खाली हाथ लौटना पड़ा।
गैंगस्टर को भागने में मदद करने के आरोप में पुलिस अब तक बर्खास्त सीआईए इंस्पेक्टर प्रितपाल और टीनू की प्रेमिका समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। एसआईटी ने जांच में पाया है कि मूसेवाला हत्याकांड में पूछताछ के लिए जब उसे तिहाड़ जेल प्रोडक्शन वारंट पर पंजाब लाया गया था, तभी उसने भागने की योजना बनाई थी। टीनू उन 24 आरोपियों में शामिल है, जिनके खिलाफ मूसेवाला हत्याकांड में चार्जशीट दाखिल की गई है। वह इस हत्याकांड के मास्टरमाइंड लॉरेंस बिश्नोई और जग्गू भगवानपुरिया का करीबी है और उनके साथ विभिन्न जेलों में बंद रहा है।