बेमिसाल सेवाएं निभाने और लगन से काम करने वाले पुलिस अधिकारियों के मनोबल बढ़ाने के लिए पंजाब के डीजीपी दिनकर गुप्ता ने एक मासिक ‘मान और प्रशंसा’ स्कीम शुरू की है। इस संबंध में रविवार को दिनकर गुप्ता ने बताया कि इसकी शुरुआत शुक्रवार को पीपीए फिल्लौर में पुलिस के उच्च अधिकारियों की मीटिंग के दौरान की गई और तीन महिला सब-इंस्पेक्टर समेत 15 पुलिस मुलाजिमों को डीजीपी कमेंडेशन डिस्क से सम्मानित किया गया।
पुरस्कार हासिल करने वालों में दो इंस्पेक्टर, छह सब-इंस्पेक्टर, तीन सहायक सब-इंस्पेक्टर, एक हेड कांस्टेबल और तीन कांस्टेबल शामिल हैं। डीजीपी ने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों जैसे आतंकवादियों और गैंगस्टरों के खिलाफ कार्रवाई, भगोड़े अपराधियों की गिरफ्तारी, एनडीपीएस के तहत बड़ी संख्या बरामदगी, एनडीपीएस मामलों में संपत्तियां जब्त करने, नशों के खिलाफ जागरूकता फैलाने, संवेदनशील मामलों की जांच, कम्यूनिटी पुलिसिंग इनीशिएटिवस, पुलिस स्टेशन प्रबंधन आदि में इन कर्मियों की कारगुजारी उत्तम रही है।
गुप्ता ने कहा कि इस योजना का उद्देश्य पंजाब पुलिस के जवानों की ओर से ड्यूटी के दौरान निभाई जा रही बेमिसाल सेवाओं और पेशेवर कामों को मान्यता देना और सरहदी राज्य में तैनात पुलिस बलों के मनोबल को और ऊंचा करना है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह स्कीम पुलिस मुलाजिमों को बढ़िया कारगुजारी से अपने पेशे में और तरक्की करने के लिए प्रेरित करेगी। गुप्ता ने कहा कि उन्होंने इस पहलकदमी को मासिक रूप में लाने की योजना बनाई है और वह पुरस्कार प्राप्त करने वालों के साथ निजी तौर पर बातचीत करेंगे।
उनके लिए चंडीगढ़ के पंजाब पुलिस मुख्यालय में दोपहर के खाने की मेजबानी भी करेंगे। हर माह की 25 तारीख तक विभिन्न जिलों के पुलिस मुखियों से नामजदगियों की मांग की जाएगी और इनको मुख्यालय और क्षेत्र के सीनियर पुलिस अधिकारियों की कमेटी द्वारा जांचा जायेगा। नामों का एलान प्रत्येक माह की 5 तारीख तक किया जायेगा।