मुख्यमंत्री के आदेश पर पंजाब पुलिस ने कोविड-19 से निपटने के लिए पुलिस को कोविड ड्यूटी के लिए आरक्षित रखने और पुलिस थानों व आर्म्ड बटालियनों में तैनात फील्ड स्टाफ को मजबूत करने के लिए 6355 पंजाब पुलिस कर्मचारियों को गैरजरूरी ड्यूटी से हटा लिया है। राज्य भर में कोविड संबंधी नियमों और प्रोटॉकॉल को लागू करने की प्रणाली में और सुधार लाने के लिए जिलों के पुलिस थानों के लिए 202 और आर्म्ड बटालियनों में 20 और कोविड दस्ते बनाए गए हैं।
डीजीपी दिनकर गुप्ता ने बताया कि पुलिसकर्मियों को हटाने का काम 17 जुलाई से शुरू हो गया था। 23 जुलाई तक 3669 कर्मी जिलों और 475 कर्मी आर्म्ड बटालियनों के कोविड दस्तों में शामिल हो चुके हैं। हटाए गए मुलाजिमों में जिला पुलिस दफ्तरों, पुलिस लाइंस, सांझ केंद्रों, पुलिस/सिविल अधिकारियों और धमकियों का सामना कर रहे व्यक्तियों से जुड़े और अन्य इकाइयों से अस्थायी तौर पर जुड़े मुलाजिम शामिल हैं।
मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की अध्यक्षता में कोविड की समीक्षा के लिए बुलाई वीडियो कॉन्फ्रेंस में डीजीपी ने बताया कि इस प्रक्रिया के बाद सिपाही से इंस्पेक्टर रैंक के 1800 अन्य पुलिसकर्मियों को पुलिस थानों में तैनात कर दिया गया है। आर्म्ड बटालियनों के कोविड दस्तों में 475 कर्मियों की संख्या के अलावा अतिरिक्त पुलिस जवान तैनात किए गए हैं, जिनमें से शंभू बैरियर में 118, जिलों में सुरक्षा ड्यूटी पर 191 और आर्म्ड बटालियनों के गैर सरकारी संगठनों पर 102 जवान लगाए गए हैं।