29 साल पुराने आईएएस के बेटे बलवंत सिंह मुल्तानी के अगवा और हत्या से जुड़े मामले में पंजाब के पूर्व डीजीपी सुमेध सैनी बुधवार को विशेष जांच टीम के सामने पेश नहीं हुए। सैनी के वकीलों ने जांच टीम को सुबह ही मेल कर जानकारी दे दी थी कि सैनी की तबीयत ठीक नहीं है। चिकित्सकों ने उन्हें सफर करने से मना किया है और आराम की सलाह दी है।
मटौर थाने में विशेष जांच टीम दोपहर एक बजे तक उनका इंतजार करती रही। अब सैनी को नए सिरे से सूचना दी जाएगी। मुल्तानी केस की जांच कर रही टीम ने पूर्व डीजीपी सैनी को बुधवार सुबह 11 बजे मटौर थाने बुलाया था। थाने के बाहर कड़ा सुरक्षा पहरा था। यहां मीडियाकर्मी भी पहुंच गए थे। थाने में आम लोगों की एंट्री बंद थी। उधर, सैनी के वकीलों ने कहा कि 29 तारीख को जब उन्हें नोटिस की कॉपी मिली थी तो उन्होंने टीम को संदेश भेज दिया था कि उनकी तबीयत ठीक नहीं है, आगे की तारीख दी जाए।
उच्चतम न्यायाल में मामले की सुनवाई आज
जानकारी के मुताबिक सैनी की ओर से बलवंत सिंह मुल्तानी केस किसी अन्य जांच एजेंसी को देने के लिए उच्चतम न्यायालय में याचिका दायर की है। इसकी सुनवाई गुरुवार को है। ऐसे में अब विशेष जांच टीम का पूरा ध्यान इस सुनवाई पर है। जो भी फैसला आएगा, उसके हिसाब से विशेष जांच टीम कदम उठाएगी।