पंजाब पुलिस ने शुक्रवार को जहरीली शराब कांड में फरार दो मुख्य आरोपियों पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया। डीजीपी दिनकर गुप्ता ने बताया कि इसके साथ ही इस मामले में सभी सरगनाओं के विरुद्ध दर्ज एफआईआर में कत्ल की धारा जोड़ दी गई है। ये सभी तीन जिलों में 121 व्यक्तियों की मौत के लिए सीधे तौर पर जिम्मेदार हैं।
डीजीपी दिनकर गुप्ता ने बताया कि पंडोरी गोला निवासी पिता-पुत्र हरजीत सिंह और शमशेर सिंह उर्फ शेरा को गिरफ्तार कर लिया गया। इनकी गिरफ्तारी के साथ ही इस मामले में 54 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। तरनतारन में 37, अमृतसर ग्रामीण में 9 और बटाला में 8 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं।
डीजीपी ने बताया कि कश्मीर सिंह और सतनाम सिंह उर्फ सत्ता के अलावा हरजीत सिंह और शमशेर पर कत्ल की धारा के अंतर्गत मामला भी दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि दोनों ने माना है कि उन्होंने 27 जुलाई को पंडोरी गोला के अवतार सिंह से अवैध शराब के तीन ड्रम खरीदे थे। दोनों ने इस मामले में शामिल 13 अन्य व्यक्तियों के नाम उजागर किए हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए छापे मारे जा रहे हैं।
अवैध शराब मामले में 116 केस दर्ज, 74 गिरफ्तार
डीजीपी ने बताया कि मुख्यमंत्री की हिदायतों के अनुसार जहरीली शराब मामले में पिछले 24 घंटों के दौरान कुल 116 केस दर्ज किए गए हैं और 74 व्यक्तियों को गिरफ़्तार किया गया है। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर छापे मारकर पंजाब पुलिस ने 1114 लीटर अवैध शराब, 642 लीटर देसी दारू और 3921 किलोग्राम लाहन बरामद की है।