किसान आंदोलन के बीच पंजाब निकाय चुनाव के परिणामों ने दिग्गजों को भी सबक सिखा दिया। मोगा से अपनी किस्मत आजमा रहीं कांग्रेस विधायक की पत्नी को हार का मुंह देखना पड़ा। वहीं भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री तीक्ष्ण सूद की पत्नी भी चुनाव हार गईं। फिल्म अभिनेता से नेता बने भाजपा सांसद सनी देओल भी अपने संसदीय क्षेत्र से पार्टी की हार को रोक न सके। यहां कांग्रेस ने सभी सीटें जीत कर क्लीन स्वीप कर दिया। पंजाब सरकार में तकनीकी शिक्षा मंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के भाई भी चुनाव हार गए।
केंद्रीय कृषि कानूनों को लेकर पंजाब में पिछले तीन माह से किसान सड़कों पर हैं। भाजपा को छोड़कर कांग्रेस, शिअद और आप सहित सभी राजनीतिक दल किसानों का खुलेआम समर्थन कर रहे हैं। इसके बाद भी कई सियासी दिग्गजों को निकाय चुनाव में हार का मुंह देखना पड़ा। यहां तक कि पंजाब सरकार में शामिल तकनीकी शिक्षा मंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के भाई खरड़ से चुनाव में अपनी किस्मत आजमा रहे थे, वह भी चुनाव हार गए।
वहीं मोगा से कांग्रेस विधायक हरजोत कमल की पत्नी डॉ. राजेंद्र कौर और होशियारपुर में पूर्व मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता तीक्ष्ण सूद की पत्नी राकेश सूद को भी जनता ने नकार दिया। बता दें कि होशियारपुर केंद्रीय मंत्री सोम प्रकाश का निर्वाचन क्षेत्र है। इसके बावजूद भाजपा को हार का सामना करना पड़ा।
बसपा का दावा- निकाय चुनाव में 25 सीटें जीतीं
निकाय चुनाव के परिणामों पर बहुजन समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जसवीर सिंह गढ़ी ने संतोष जताया और चुनाव के अनुभव को सफल बताया है। बसपा ने निकाय चुनाव में 160 प्रत्याशियों को विभिन्न वार्ड से मैदान में उतारा था। गढ़ी ने 25 सीटों पर विजय हासिल करने का दावा किया है। उन्होंने कहा कि बसपा का पंजाब में जनाधार बढ़ रहा है, जो कांग्रेस के लिए खतरा है।
बसपा के प्रत्याशी पार्टी चुनाव चिह्न हाथी पर चुनाव लड़ा। बसपा के 25 उम्मीदवारों के जीतने की खबर से समर्थकों और कार्यकर्ताओं में उत्साह है। बसपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इन चुनावों में बसपा प्रत्याशियों ने नवांशहर से एक, राहों में दो, फिल्लौर में एक, नकोदर में दो, नूरमहल में तीन, अलावलपुर में पांच, आदमपुर में एक, गढ़शंकर में एक, शामचौरासी में एक, खमानों में एक, बहराम में एक, तपा मंडी में एक, बोआ में एक सीट पर जीत हासिल की है। बसपा ने पहली बार निकाय चुनाव में हाथ आजमाया, जिसका अनुभव काफी अच्छा रहा।