विश्व की अग्रणी कंपनी हीरो साइकिल्स लिमिटेड के को-चेयरमैन पंकज मुंजाल ने कहा कि चेन्नई प्लांट में बीएमडब्ल्यू कार की चेसिस का उत्पादन 15 दिसंबर के बाद शुरू हो जाएगा।
इस प्लांट में बनने वाली कार की तमाम चेसिस बीएमडब्ल्यू को सप्लाई की जाएंगी। इस क्षेत्र में हीरो की ज्वाइंट वेंचर कंपनी टू-एफ हीरो काम कर रही है। यह जानकारी मुंजाल ने शनिवार को प्रेस कांफ्रेंस में दी।
उन्होंने कहा कि हीरो का फोकस प्रीमियम साइकिल पर है। इसके लिए जर्मनी की मीफा कंपनी के एसेट्स खरीदने के लिए दोबारा से बिड डाली गई है।
उन्होंने कहा कि यह डील फाइनल होने के तुरंत बाद यूरोप के मार्केट में भी प्रीमियम साइकिल का उत्पादन शुरू किया जा सकता है। फिलहाल कंपनी रोजाना 19 हजार साइकिल का उत्पादन कर रही है। अगले साल मार्च से उत्पादन बढ़ाकर 22 हजार कर दिया जाएगा।
हीरो के बिहार प्लांट में प्रतिदिन एक हजार साइकिल बनाए जा रहे हैं। मार्च तक इन्हें बढ़ाकर तीन हजार कर दिया जाएगा। जबकि दिल्ली में लगे प्लांट में प्रतिदिन 800 साइकिल बन रहे हैं। मार्च तक दिल्ली प्लांट में भी प्रतिदिन 1250 साइकिल का उत्पादन होगा।
उन्होंने कहा कि हीरो के लुधियाना में चल रहे स्किल सेंटर में ट्रेनिंग ले रहे युवाओं को इकाई में ही नौकरी दी जा रही है। इससे कंपनी को ट्रेंड मेनपावर मिल रही है। इस मौके पर सीनियर जनरल मैनेजर अशोक बावा समेत कई अधिकारी मौजूद थे।
मुज्जफरनगर के अंकुर ने जीती ऑल्टो कार
हीरो साइकिल्स लिमिटेड की स्क्रैच एंड विन स्कीम का पहला पुरस्कार उत्तर प्रदेश के जिला मुज्जफरनगर के कस्बा खतौली के अंकुर शर्मा ने जीता है। हीरो के को-चेयरमैन पंकज मुंजाल ने शनिवार को हीरो परिसर में आयोजित समारोह में अंकुर को ऑल्टो कार की चाबी सौंपी।
अंकुर ने खतौली में कंपनी के डीलर से हीरो जेट गोल्ड ब्लैक साइकिल खरीदी थी। इसके अलावा महाराष्ट्र के पिंपलगांव के धर्मचंद सोनी ने इस स्कीम में स्पलेंडर मोटरसाइकिल अपने नाम किया।
इसके अलावा कई ग्राहकों ने एलईडी टीवी, आईपैड एवं कई इनाम जीते। इस मौके पर अंकुर ने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि पुरस्कार में ऑल्टो कार मिलेगी। इस कार को पाकर वे काफी उत्साहित दिखे।