मंत्री रवजोत बोले-दुखद हादसा
मंडियाला गांव में घटनास्थल पर पहुंचे पंजाब के मंत्री रवजोत सिंह ने बताया कि स्थिति ऐसी है कि उसे बयान नहीं किया जा सकता। बहुत दुखद हादसा हुआ है। अभी तक पता नहीं चल पाया है कि कितने लोग लापता हैं। लोग कह रहे हैं कि एक टैंकर ने एक कार को टक्कर मार दी, जिसके बाद गैस लीक होने से धमाका हुआ... आग काफी फैल गई है।
सिविल सर्जन और वरिष्ठ अधिकारी व्यक्तिगत रूप से स्थिति पर नज़र रख रहे हैं। जिला प्रशासन ने जनता से दुर्घटनास्थल पर जाने से बचने और चल रहे राहत कार्यों में सहयोग करने की अपील की है।
इस घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कैबिनेट मंत्री, विधायक और उपायुक्त आशिका जैन ने इस बात पर जोर दिया कि सरकार और प्रशासन पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ पूरी तरह से खड़ा है तथा उन्हें पूर्ण चिकित्सा देखभाल और आवश्यक सहायता सुनिश्चित कर रहा है।
हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने लगाया धरना
मंडियालां में एलपीजी टैंकर में हुए ब्लास्ट के बाद गुस्साए हुए लोगों ने सुबह घटनास्थल के पास धरना लगा दिया। धरनाकारियों का कहना था कि वह लंबे समय से वाटरिंग प्लांट को यहां से कहीं दूर शिफ्ट किए जाने की मांग कर रहे हैं लेकिन उनकी मांग पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। इसके चलते ऐसे हादसों की आशंका हर वक्त बनी रहती है।
उनका कहना था कि गैस से लगे टैंकर अक्सर इस सड़क पर दौड़ते हैं जिससे आसपास की आबादी को हमेशा खतरा बना रहता है। उनका आरोप था कि टैंकर चालक प्लांट में टैंकर पार्क ना करके अक्सर सड़क के दोनों और टैंकर पार्क किए रहते हैं जिसके चलते कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।