पीसीए के क्रिकेट स्टेडियम मुल्लांपुर (न्यू चंडीगढ़) में रविवार को पंजाब किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिलेगा। बेशक किंग्स घरेलू मैदान पर खेल रहे हैं, लेकिन मुकाबले में क्रिकेट प्रशंसकों में किंग कोहली का क्रेज रहने वाला है। किंग कोहली पहली बार इस मैदान पर खेलेंगे। मुकाबले की सभी टिकट बिक चुकी हैं और पूरा स्टेडियम पैक रहेगा। मुकाबला दोपहर 3.30 बजे से है।
मौजूदा आईपीएल सीजन का मुल्लांपुर क्रिकेट स्टेडियम में यह आखिरी मुकाबला है। इस बार यहां पर 4 मैचों की मेजबानी मिली है। इनमें दो मुकाबलों में पंजाब किंग्स और जीत मिली है और एक में हार का सामना करना पड़ा है। इसके बाद किंग्स घरेलू मैदान धर्मशाला और अन्य जगह दहाड़ेंगे। धर्मशाला को तीन मैचों की मेजबानी मिली है।
दोनों ही टीमें शहर पहुंची, नहीं किया अभ्यास
पंजाब किंग्स शुक्रवार को रॉयल चैलेंजर्स बंगलूरू को 5 विकेट से हराने के बाद बुलंद हौसले के साथ शहर पंहुची। किंग्स जीत का सिलसिला जारी रखना चाहेंगे। रॉयल चैलेंजर्स बंगलूरू की टीम हार की टीस लिए पंजाब को उसके होम ग्राउंड में हराने का प्रयत्न करेगी। दोनों ही टीमों ने शहर पहुंचने के बाद प्रेक्टिस सेशन में भाग नहीं लिया और सीधे होटल की तरफ रुख किया।
पंजाब किंग्स का पलड़ा भारी
आईपीएल में अब तक रॉयल चैलेंजर्स बंगलूरू व पंजाब किंग्स के बीच खेले गए मैचों की बात की जाए तो आंकड़ों के अनुसार पंजाब किंग्स का पलड़ा भारी है। अभी तक आरसीबी और पंजाब किंग्स 34 मैचों में आमने-सामने हुई है, जिसमें पंजाब किंग्स ने 18 मैचों में जीत दर्ज की है जबकि रॉयल चैलेंजर्स बंगलूरू ने 16 मैचों में जीत दर्ज की है।
दोनों टीमों के संभावित खिलाड़ी
रॉयल चैलेंजर्स बंगलूरू
फिलिप साल्ट, विराट कोहली, रजत पाटीदार (कप्तान), लियाम लिविंगस्टोन, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, क्रुणाल पांड्या, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड, सुयश शर्मा और यश दयाल।
पंजाब किंग्स टीम
प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), प्रियांश आर्य, श्रेयस अय्यर (कप्तान), शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, ग्लेन मैक्सवेल, सूर्यांश शेडगे, लॉकी फर्ग्यूसन/अजमतुल्लाह उमरजई, मार्को यानसेन, अर्शदीप सिंह और युजवेंद्र चहल।