पंजाबी सभ्याचार को रंगमंच के जरिये प्रोत्साहित करने में जुटी पंजाब कला परिषद नवंबर को भाषा और साहित्य के लिए समर्पित कर रही है।
हर साल नवंबर माह में साहित्य से जुड़े कई कार्यक्रम कराए जाएंगे। इसमें पंजाब के अलग-अलग शहरों की प्रतिभाओं को सामने लाने का प्रयास किया जाएगा।
इस बार भी नवंबर में 40 कार्यक्रम आयोजित कर एक नया कीर्तिमान मनाया गया। अब दिसंबर में भी कई कार्यक्रम होंगे जिनमें संगीत नाटक अकादमी की ओर से संगीत सम्मेलन होगा जिसमें सूफी गायक प्रस्तुति देंगे।
पंजाब कला परिषद की अध्यक्ष हरजिंदर कौर ने बताया कि एक नवंबर को पंजाब और हरियाणा दिवस होता है। इसी उपलक्ष्य पर नवंबर को भाषा और सभ्याचार के लिए समर्पित किया जाएगा।
इस साल भी न सिर्फ पंजाब के शहरों में कार्यक्रम आयोजित किए गए बल्कि हरियाणा में भी पंजाबी थियेटर फेस्टिवल करवाया गया।
कुरुक्षेत्र में 14 से 17 नवंबर तक हुए इस फेस्टिवल में पंजाबी नाटकों का मंचन किया गया। जालंधर में 25 से 28 नवंबर तक हरियाणवी नाटकों भी मंचन हुआ।
हरजिंदर कौर ने बताया कि 29 नवंबर को पंजाब कला भवन, सेक्टर-16 में चल रही प्रदर्शनी का समापन होगा। इसमें पंजाब के सांस्कृतिक मामलों के मंत्री सरवण सिंह फिल्लौर पंजाबी चित्रकार जरनैल सिंह को सम्मानित करेंगे।