फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

JBT को नौकरी, गेस्ट बाहर, 9455 घरों में खुशी, 9193 में मायूसी

Fri, 01 Apr 2016 11:30 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, चंडीगढ़
विज्ञापन
कोर्ट - फोटो : demo
विज्ञापन
हरियाणा में एक अप्रैल का दिन हजारों लोगों के लिए कहीं खुशी, कहीं मायूसी का रहेगा। पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने हरियाणा में टीचर्स की भर्ती पर फैसला सुनाया। फैसले के बाद बरसों से नियुक्ति का इंतजार कर रहे 9455 जेबीटी को नौकरी मिलना तय हो गया है। वहीं, 31 मार्च को प्रदेश के सरकारी स्कूलों में कार्यरत 3581 गेस्ट टीचरों, 2600 कंप्यूटर टीचरों और 3012 लैब सहायकों की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं। जाहिर है 9455 परिवारों में मिठाई बंटेगी। जबकि 9193 परिवारों को रोजी-रोटी के लिए फिर से सोचना पड़ेगा।
विज्ञापन


14 अगस्त, 2014 को चुने गए 9455 जेबीटी अध्यापकों की नियुक्ति पर हाईकोर्ट ने रोक लगा दी थी। वीरवार को इस मामले में सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने इन अध्यापकों की नियुक्ति पर लगी रोक हटा दी, जिससे इनकी नियुक्ति का मार्ग प्रशस्त हो गया है। हाईकोर्ट के फैसले से खुश जेबीटी अध्यापकों ने वीरवार को मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात कर उनका आभार भी जताया है। उधर, 3581 सरप्लस गेस्ट टीचरों की सेवाएं हाईकोर्ट के आदेश के अनुसार वीरवार 31 मार्च को समाप्त कर दी गईं।

शिक्षा निदेशालय ने इन गैस्ट टीचरों को 31 मार्च को पदमुक्त करने के निर्देश फोन पर जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों को सुबह ही दे दिए थे। स्कूलों के मुखियाओं ने भी इन्हें रिलीव कर अपनी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी है। इन 3581 सरप्लस गेस्ट टीचरों को हाईकोर्ट ने पिछले साल 20 नवंबर को दिए अपने आदेश में 31 मार्च, 2016 तक ही सेवा में रखने के आदेश दिए थे। हालांकि प्रदेश सरकार ने इनकी सेवाएं शैक्षिक सत्र 2016-17 तक बनाने का आग्रह भी हाईकोर्ट से किया, लेकिन उसे स्वीकार नहीं किया गया।
विज्ञापन


ऐसी ही स्थिति सरकारी स्कूलों में कांट्रैक्ट पर तैनात कम्प्यूटर टीचरों और लैब सहायकों की हुई है। प्रदेश के शिक्षा विभाग में कंप्यूटर टीचरों और कंप्यूटर लैब सहायकों की सेवाएं भी वीरवार 31 मार्च को समाप्त कर दीं, क्योंकि इनका अनुबंध भी 31 मार्च तक ही था। हालांकि कंप्यूटर टीचरों और लैब सहायकों ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर सेवा से नहीं हटाने की मांग भी की, लेकिन हाईकोर्ट ने उनकी मांग को नकारते हुए कोई अंतरिम राहत देने से इंकार कर दिया। लैब सहायकों का एक प्रतिनिधिमंडल वीरवार को प्रदेश के शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा से भी मिला। शिक्षा मंत्री ने उन्हें नौकरी बहाली का भरोसा तो दिलाया, लेकिन देर शाम तक इस बारे में विभाग द्वारा कोई नोटिफिकेशन जारी नहीं किया गया।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें