उत्तर प्रदेश के बाद अब पंजाब सरकार प्रदेश में पॉलीथिन बैन करने जा रही है। इसके लिए प्रस्ताव तैयार हो गया है, बस मंजूरी बाकी है। पंजाब प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड ने प्रस्ताव तैयार कर सरकार को भेज दिया है। अब गेंद सरकार के पाले में है। अगली कैबिनेट मीटिंग में इस पर विचार होने की संभावना है।
नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल में सुखना मामले की सुनवाई चल रही थी। सुखना में मोहाली के भी कई गांवों का पानी आता है। बहस के दौरान ट्रिब्यूनल ने कहा कि पंचकूला में पॉलीथिन बैग प्रतिबंधित हैं, चंडीगढ़ में भी इन पर पाबंदी है, फिर पंजाब इन्हें प्रतिबंधित करने के बारे में क्यों नहीं सोचता।
इसके बाद पंजाब प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड ने पॉलीथिन बैग पर पूरी तरह पाबंदी लगाने का प्रस्ताव तैयार किया है। पंजाब भर से नगर निगमों और काउंसिलों के अधिकारी भी बोर्ड को लगातार इस बारे में शिकायतें भेजते रहते हैं। सीवरेज जाम होने का सबसे बड़ा कारण पॉलीथिन बैग ही बन गए हैं।
इसके अलावा सड़कों पर पड़े पॉलीथिन बैग खाने के कारण बड़ी संख्या में लावारिस पशुओं की मौत होती है, इसलिए बोर्ड ने अब पॉलीथिन बैग पर पाबंदी लगाने का मन बना लिया है। इस संबंध में प्रस्ताव तैयार कर सरकार को भेज दिया गया है।
माना जा रहा है कि कैबिनेट की अगली मीटिंग में इस प्रस्ताव पर चर्चा हो सकती है। पाबंदी एक साथ पूरे पंजाब में लागू करनी है या फिर पहले बड़े शहरों में यह फैसला लागू होगा, इस बारे में फैसला भी सरकार ही करेगी।
हाल ही में यूपी सरकार ने लगाया है प्रतिबंध
पॉलीथिन बैग की समस्या गंभीर होने के बाद हाल ही में उत्तर प्रदेश सरकार ने पॉलीथिन बैग पर पूरी तरह पाबंदी लगा दी है। वहां, हाईकोर्ट ने सरकार को इस संबंध में निर्देश दिए थे।
इससे पहले नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल ने गंगा नदी के पास पॉलीथिन के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाया था। ट्रिब्यूनल के आदेश पर ही चंडीगढ़ में भी पॉलीथिन पर पाबंदी लगाई गई, जिसे अब प्रशासन सख्ती से लागू कर रहा है।
नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल में चर्चा के बाद पंजाब प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड ने राज्य में पॉलीथिन बैग पर पाबंदी की योजना बनाई है। इस संबंध में प्रस्ताव तैयार कर राज्य सरकार को भेज दिया गया है। कैबिनेट की मंजूरी मिलने के बाद इसे लागू कर दिया जाएगा।
- मनप्रीत सिंह छतवाल, चेयरमैन, पंजाब प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड