पंजाब सरकार ने बिजली चोरी रोकने के उद्देश्य से कड़े कदम उठाने का फैसला करते हुए, एक ओर तो व्हाट्सएप नंबर 96461-75770 जारी करते हुए लोगों को सूचना देने का आह्वान किया है, वहीं प्रदेश में जल्द ही कुंडी कनेक्शन हटाने की मुहिम शुरू करने का एलान भी कर दिया गया है। बिजली मंत्री ने राज्य में बिजली चोरी की लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सख्त कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है, जिसके तहत दोषियों से जुर्माने के रूप में भारी-भरकम राशि वसूली जाएगी।
धान सीजन के लिए बिजली प्रबंधों का लिया जायजा
बिजली मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने शुक्रवार को धान सीजन के दौरान जरूरी कोयले और बिजली के प्रबंधों का जायजा लिया। उन्होंने पीएसपीसीएल के सभी संसाधनों से अधिक से अधिक बिजली उत्पादन करने और धान की सीधी बुआई के लिए बिजली की नियमित सप्लाई यकीनी बनाने के आदेश भी दिए। उन्होंने सीनियर अधिकारियों को कहा कि सीजन के दौरान निर्विघ्न बिजली सप्लाई को देने के लिए जरूरी ठोस प्रबंध पूरे कर लिए जाएं ताकि किसानों को निर्धारित समय-सीमा के अनुसार बिजली सप्लाई दी जा सके। इसके साथ ही बिजली मंत्री ने राज्य में बिजली चोरी की समस्या को काबू करने के लिए भी हिदायतें दीं। उन्होंने अधिकारियों को राज्य में उपभोक्ताओं की सभी श्रेणियों को नियमित और निर्विघ्न सप्लाई यकीनी बनाने के लिए अपने यत्नों में सहयोग करने का आह्वान किया।