गौरतलब है कि साल 2009 में जब भारत की सेना के तीन अंगों में मात्र डेढ़ फीसदी पंजाबी अफसर रह गए थे तो उस समय सरकार ने मोहाली में महाराजा रणजीत सिंह संस्थान स्थापित किया था। जहां पर प्रवेश परीक्षा के बाद मेरिट के आधार पर पंजाब के युवाओं को हर साल चुना जाता है। उन्हें दो साल तक एनडीए की फ्री में ट्रेनिंग और पढ़ाई करवाई जाती है। इस संस्थान से अब तक करीब 170 अफसर निकल चुके हैं।
तीन नए मेडिकल कॉलेज बनाने की दिशा में काम शुरू
सीएम ने बताया कि पंजाब में लोगों को बेहतर सेहत सुविधाएं मुहैया करवाने के लिए भी काम किया जा रहा है। पंजाब में मेडिकल कॉलेजों की संख्या जल्द ही 16 हो जाएगी। होशियारपुर, मालेरकोटला और कपूरथला मेडिकल कॉलेज के निर्माण के लिए पहली किस्त जारी कर दी गई है। मेडिकल पढ़ाई के लिए युवाओं को अब यूक्रेन जैसे देशों में नहीं जाना पड़ेगा। उनकी कोशिश देश में रोजगार के अवसर पैदा करने की है। विदेश में जाकर कमाना आसान नहीं है।
15 अगस्त को शुरू होंगे 60 मोहल्ला क्लीनिक
सीएम ने बताया कि लोगों को बेहतर सेहत सुविधाएं मुहैया करवाने के लिए 15 अगस्त को 60 नए मोहल्ला क्लीनिक खोले जाएंगे। गत साल 500 मोहल्ला क्लीनिक खोले गए थे। इन केंद्रों में 42 तरह के टेस्ट होते हैं। मरीज कहीं भी जाकर मात्र मोबाइल पर एक क्लिक से अपना सेहत से जुड़ा रिकॉर्ड हासिल कर पाएंगे।
मोगा में खोला जाएगा पहला यूपीएससी कोचिंग सेंटर
पहला कोचिंग सेंटर मोगा में खोला जाएगा। मोगा हलके की विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने पत्रकारों को जानकारी दी। यह कोचिंग सेंटर एक से दो महीने से शुरू होगा। इस बारे में सीएम की तरफ से डीसी को आदेश दिया गया है।