पंजाब की कैप्टन अमरिंदर सरकार ने अपने पहले बजट से पूर्व एक बड़ा चुनावी वादा पूरा कर दिया है। सीएम कैप्टन अमरिंदर ने सोमवार को यहां विधानसभा सत्र के दौरान किसानों की कर्ज माफी की घोषणा की।
सरकार ने पांच एकड़ तक भूमि वाले छोटे और अत्यंत छोटे किसानों का दो लाख तक का पूरा फसली ऋण एकमुश्त माफ कर दिया है। अन्य किसानों को कर्ज राशि पर फ्लैट दो लाख रुपये ऋण माफी की राहत दी गई है। इससे पंजाब के कुल 10 लाख 25 हजार किसान लाभान्वित होंगे। इनमें से 8.75 लाख किसान पांच एकड़ तक भूमि वाले हैं। इसके साथ ही सरकार ने कर्ज के कारण आत्महत्या करने वाले किसानों के आश्रित परिवारों को भी राहत दी है। उन्हें दी जाने वाली एक्स-ग्रेसिया राशि को तीन लाख रुपये से बढ़ाकर पांच लाख रुपये कर दिया है।
इसके साथ ही सरकार ने अलग से ये भी निर्णय लिया है कि आत्महत्या कर चुके किसानों के सरकारी संस्थानों से लिए गए फसली ऋण की वर्तमान राशि को सरकार खुद भरेगी। अमरिंदर सिंह ने घोषणा करते वक्त उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र सरकारों के कर्ज माफ करने का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार की कर्ज माफी दोनों राज्यों की तुलना में दोगुना है।
यह भी पढ़ें: बेरोजगारी का आलम ऐसा, चपरासी की नौकरी के लिए धक्के खा रहे PHD वाले