स्पीकर ने निर्धारित किया समय, खुल कर बोले चड्ढा
विश्वास प्रस्ताव पर हुई बहस में स्पीकर ने दो घंटे का समय निर्धारित करते हुए कांग्रेस को 19 मिनट का, अकाली दल को 3 मिनट, भाजपा को 2 मिनट, बसपा और निर्दलीय विधायक को 1-1 मिनट का समय दिया। बहस में आप के अमन अरोड़ा, शीतल अंगुराल, दिनेश चड्डा, अनमोल गगन मान, जसवंत सिंह गजनमाजरा, रूपिंदर हैप्पी, मनविंदर सिंह ग्यासपुरा, शिअद के मनप्रीत सिंह अयाली, बसपा के नछतर पाल ने हिस्सा लिया।
दिनेश चड्ढा ने बहस के दौरान कहा कि कांग्रेस पंजाब में भाजपा के लिए ड्रामा कर रही है और यह भाजपा की बी टीम बन चुकी है। सबसे पहले कर्नाटक में ऑपरेशन लोटस के तहत कांग्रेस के 15 विधायक चले गए और मध्य प्रदेश में 22 विधायक चले गए। इसी तरह से गोवा में आठ कांग्रेसी भाजपा में चले गए।
झारखंड में तीन विधायक नोटों से भरी गाड़ियों के साथ पकड़े गए। जिस पार्टी के विधायक सबसे अधिक बिके, वह कांग्रेस ही भाजपा का समर्थन कर रही है। विश्वास प्रस्ताव पर कांग्रेस आज संविधान का हवाला दे रही है जबकि झारखंड विधानसभा में विश्वास मत लाया गया था। दो सप्ताह बाद विश्वास मत पंजाब विधानसभा में आसंविधानिक कैसे हो गया।