दिवाली से एक दिन पहले पंजाब सरकार ने आम लोगों को महंगाई का तोहफा दिया है। प्रदेश में सरकारी बसों का सफर महंगा कर दिया गया है। सरकार ने साधारण बसों का किराया 7 पैसे प्रति किलोमीटर और लग्जरी बसों का किराया 10 पैसे प्रति किमी. बढ़ा दिया है। बढ़ाया गया किराया तुरंत प्रभाव से लागू कर दिया गया है। पीआरटीसी के एमडी मनजीत सिंह नारंग का कहना है कि इससे सरकार को रोजाना करीब साढ़े सात लाख रुपये की अतिरिक्त आमदनी होने की उम्मीद है।
इस फैसले के बाद प्रदेश में लागू मौजूदा बस किराया दरें जो कि साधारण बस के लिए 1.10 रुपये प्रति किलोमीटर थी, बढ़कर 1.17 रुपये प्रति किलोमीटर हो गया है जबकि लग्जरी बसों का किराया जो अब तक 1.30 रुपये प्रति किलोमीटर की दर से चार्ज किया जा रहा था, भी बढ़कर 1.40 रुपये प्रति किलोमीटर हो गया है। वोल्वो बसों का किराया अब 2.34 रुपये प्रति किलोमीटर की दर से चार्ज किया जाएगा।