मुख्यमंत्री ने डिप्टी कमिश्नरों से कहा कि जायदाद के तबादले, जमीन का बटवारा और इंतकाल जैसे राजस्व मामलों का तुरंत निपटारा यकीनी बनाने के लिए राजस्व अधिकारियों को जरूरी हिदायतें जारी की जाएं। उन्होंने शिकायत निवारण कमेटी की मासिक मीटिंग बुलाने और निर्धारित समय पर रिपोर्टें भेजने के आदेश दिए।
नशों के मामले में कोई ढील न दें डीसी
नशों के अब तक के नतीजों पर तसल्ली जाहिर करते हुए उन्होंने कहा कि नशों का सेवन करने वालों की संख्या में बड़ी कमी आई है। बड़ी मात्रा में नशे और नशीले पदार्थ बरामद हुए हैं और नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। कैप्टन ने इस संबंध में ढील न बरतने और एसटीएफ, जिला पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के साथ तालमेल करने को निर्देश दिया।
तीन लाख सालाना पैकेज की नौकरियां तलाशें
‘घर-घर रोजगार’ की प्रगति का जायजा लेते हुए मुख्यमंत्री ने डिप्टी कमिश्नरों से कहा कि वे तीन लाख रुपये सालाना पैकेज से अधिक वाली नौकरियां दिलाने में सहयोग करने के लिए अग्रणी उद्योगपतियों, व्यापारिक घरानों और रोजगार देने वालों के साथ तालमेल करें। उल्लेखनीय है कि हाल ही में विपक्षी दलों ने सरकार द्वारा लगवाए जाने वाले रोजगार मेलों पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया था कि जिन्हें नौकरियां दी जा रही हैं, वह मासिक 10-12 हजार रुपये की हैं, इसलिए युवा नौकरियां ज्वाइन नहीं कर रहे।
मीटिंग में बताया गया कि ‘पंजाब घर-घर रोजगार और कारोबार मिशन’ के अंतर्गत सरकार ने मार्च, 2020 में अमृतसर, फगवाड़ा, बठिंडा, मोहाली और एसबीएस नगर में बड़े रोजगार मेले लगाने की योजना बनाई है। इनमें 2000 से अधिक नौजवानों को बढ़िया पैकेज वाली नौकरियां मुहैया करवाई जाएंगी।