पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने मंगलवार को रेलमंत्री पीयूष गोयल से बात करके नई दिल्ली से अमृतसर वाया सुलतानपुर लोधी तक प्रकाश पर्व एक्सप्रेस ट्रेन चलाने की मांग की है। इससे श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व के अंतर्गत साल भर चलने वाले समारोह में आने वाली संगत को सुविधा होगी।
मुख्यमंत्री ने एक अक्तूबर से 30 नवंबर, 2019 के दौरान सुलतानपुर लोधी से नई दिल्ली के बीच हफ्ते में तीन दिन विशेष रेल सेवा शुरू करने पर जोर दिया। उन्होंने ऐतिहासिक समारोह के मद्देनजर पवित्र नगर की अहमियत को मुख्य रखते हुए सुलतानपुर लोधी के मौजूदा रेलवे स्टेशन को भी अपग्रेड करने की मांग की।