फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पंजाब मंत्रिमंडल ने लिया खेल यूनिवर्सिटी को महाराजा भुपिंदर सिंह का नाम देने का फैसला, जानिए क्यों

Thu, 01 Aug 2019 10:15 AM IST
खुशबू गोयल हर्ष कुमार सलारिया, अमर उजाला, चंडीगढ़
विज्ञापन
महाराजा भुपिंदर सिंह - फोटो : फाइल फोटो
विज्ञापन
पंजाब मंत्रिमंडल ने पटियाला में बनने वाली खेल यूनिवर्सिटी को मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के दादाश्री महाराजा भुपिंदर सिंह का नाम देने का फैसला किया है। हालांकि मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने इस पर सहमति नहीं दी, लेकिन खेल मंत्री राणा गुरमीत सिंह सोढी द्वारा लाए गए प्रस्ताव पर मंत्रिमंडल के सभी सदस्यों ने अपनी सहमति की मुहर लगा दी। इस फैसले के साथ ही पटियाला शाही घराने और महाराजा भूपिंदर सिंह के खेलों में दिया गया योगदान इतिहास के पन्नों से निकलकर सुर्खियों में आ गया।
विज्ञापन


बुधवार को सोशल मीडिया और अनेक न्यूज पोर्टलों ने महाराजा भूपिंदर सिंह द्वारा क्रिकेट, पोलो, निशानेबाजी आदि खेलों को लेकर किए गए कार्यों का उल्लेख किया। 1928-1938 तक भारतीय ओलंपिक संघ के अध्यक्ष रहे महाराजा भूपिंदर सिंह 1911 में पहली भारतीय क्रिकेट टीम की तरफ से इंग्लैंड दौरे पर गए थे। उन्होंने क्रिकेट टीम की कप्तानी भी की। महाराजा ने मशहूर मेरिलेबॉन क्रिकेट क्लब (एमसीसी) की टीम की तरफ से क्रिकेट भी खेला। उनके खाते में भारतीय घरेलू क्रिकेट रणजी ट्रॉफी सीरीज शुरू करने का भी श्रेय है।

भारत में क्रिकेट के प्रसार की नींव पटियाला शाही घराने द्वारा ही रखी गई थी। हिमाचल प्रदेश के चायल में विश्व की सबसे ऊंचाई पर स्थित क्रिकेट पिच का निर्माण महाराजा भूपिंदर सिंह के पिता महाराजा राजेंद्र सिंह ने कराया, जिस पर महाराजा भूपिंदर सिंह ने अपने कार्यकाल में क्रिकेट के अनेक मैचों का आयोजन कर इस खेल को आगे बढ़ाया। पटियाला में बना पोलो मैदान भी महाराजा भूपिंदर सिंह की पोलो खेल के प्रति रुचि की एक मिसाल है। उस जमाने में पटियाला रियासत के पास विश्व की नंबर एक पोलो टीम हुआ करती थी।
विज्ञापन


इसके अलावा पटियाला में शूटिंग रेंज की स्थापना भी महाराजा भूपिंदर सिंह के शासनकाल में ही हुई।
विज्ञापन

विश्व प्रसिद्ध पहलवानों की कुश्ती कराई

महाराजा कुश्ती के भी शौकीन थे और उनके शासन के दौरान पटियाला में गामा और इमामबख्श जैसे विश्व प्रसिद्ध पहलवानों की कुश्ती का आयोजन भी उन्होंने कराया। 1930 में पटियाला में ही प्रथम पेन एशियन खेलों का आयोजन कराया गया, जिसमें अनेक देशों के खिलाड़ी हिस्सा लेने पहुंचे थे।

मंगलवार को पंजाब मंत्रिमंडल की बैठक में खेल मंत्री राणा गुरमीत सिंह सोढी द्वारा लाए गए प्रस्ताव में आधार भी महाराजा भूपिंदर सिंह के खेलों में योगदान रहा। खेल मंत्री का मानना है कि स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी पटियाला में भी बनाई जा रही है, इसलिए इस यूनिवर्सिटी को महाराजा भूपिंदर सिंह का नाम दिया जाना, पटियाला शाही परिवार को खेलों के प्रति निभाए गए प्रेम को उचित सम्मान देगा।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें