पार्टी के बड़े नेता जो साफ-सुथरा होने का दावा करते हैं, लगातार भ्रष्टाचार के मामलों में फंसते नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल हमेशा गर्व से कहते हैं कि उनकी पार्टी के नेता भारत में एकमात्र स्वच्छ राजनेता हैं, जबकि अन्य सभी दल भ्रष्ट हैं लेकिन अब सब कुछ सामने है। उन्होंने कहा कि पंजाब में लिखी गई आबकारी नीति दिल्ली जैसी ही है और इसकी भी जांच होनी चाहिए।
कांग्रेस विधायक परगट सिंह ने कहा कि अगर आबकारी नीति को लेकर पारदर्शी जांच हो रही है तो इसमें गलत क्या है? उन्होंने कहा कि भाजपा छापेमारी तो कराती है लेकिन इसकी गहनता से जांच भी होनी चाहिए। जब आप नेताओं के खिलाफ ऐसी कार्रवाई की जाती है तो वे स्वास्थ्य और शिक्षा की बात करने लगते हैं, काम कम करते हैं और शोर ज्यादा करते हैं। सही होगा अगर पंजाब की आबकारी नीति की भी दिल्ली की तरह से जांच की जाए।
न्यूयार्क टाइम्स की स्टोरी कोरा झूठ: खैरा
कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैरा ने आम आदमी पार्टी को घेरते हुए कहा है कि अरविंद केजरीवाल की तरफ से दिल्ली के शिक्षा मॉडल को लेकर न्यूयार्क टाइम्स के पहले पन्ने पर विशेष स्टोरी होने का दावा किया गया है, जो कोरा झूठ है। आम आदमी पार्टी अपने उपमुख्यमंत्री पर सीबीआई छापे की खबरों को दबाने के लिए ऐसा कर रही है।