मुख्य सचिव विनी महाजन ने मीटिंग के दौरान बताया कि राज्य में ट्रांसपोर्टरों के पास उपलब्ध ट्रकों की कमी के अलावा एक टैंकर को बोकारो प्लांट से 90 मीट्रिक टन कोटे की अलॉटमेंट लाने में लगभग 4-5 दिन लगते हैं, जिस कारण हालात और बिगड़ गए हैं। जब तक राज्य को और ज्यादा टैंकर नहीं मिलते, स्थिति में सुधार नहीं आ सकता। बोकारो से 90 मीट्रिक टन के अलावा राज्य की मौजूदा अलॉटमेंट बद्दी वाले प्लांट से 60 मीट्रिक टन, पानीपत प्लांट से 20 मीट्रिक टन, रुड़की में प्लांट से 15 मीट्रिक टन और देहरादून में प्लांट से 10 मीट्रिक टन है। राज्य के एएसयू और स्थानीय पीएसए से रोजाना लगभग 80 मीट्रिक टन ऑक्सीजन का उत्पादन किया जा रहा है और निरंतर आधार पर उत्पादन बढ़ाने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। हालांकि यह बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए काफी नहीं हैं।
ट्रांसपोर्टरों को ऑक्सीजन सहित ढुलाई खर्च की होगी अदायगी
पंजाब में तरल मेडिकल ऑक्सीजन (एलएमओ) की सुचारु सप्लाई के लिए पंजाब सरकार की तरफ से सोमवार को अन्य राज्यों और राज्य में एयर सैपरेशन व रीफिलिंग यूनिटों से ऑक्सीजन की ढुलाई के रेट मौजूदा मार्केट रुझान के हिसाब से बढ़ाने का फैसला किया गया है। मुख्य सचिव विनी महाजन के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय मीटिंग के दौरान यह फैसला किया गया।
मुख्य सचिव ने बताया कि परिवहन विभाग की तरफ से औपचारिक आदेश जारी होने के बाद इस फैसले को तुरंत प्रभाव से लागू किया जाएगा। यह कदम मौजूदा संकटकालीन दौर में बहुत महत्वपूर्ण है क्योंकि राज्य सरकार को अस्पतालों में मेडिकल ऑक्सीजन की निर्विघ्न आवाजाही में कुछ मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा था। यह फैसला लिया गया है कि पंजाब की तरफ से मौजूदा मार्केट रुझान के अनुसार आवाजाही की दरों में विस्तार किया जाएगा। राज्य सरकार द्वारा जारी ताजा आदेशों के अनुसार ट्रांसपोर्टरों को विभाग की तरफ से एलएमओ की वास्तविक दर के अनुसार ऑक्सीजन प्लांट से लाने-ले-जाने के खर्च के साथ अदायगी की जाएगी।
अमृतसर मेडिकल कालेज में बनेगा ऑक्सीजन स्टोरेज टैंक
मीटिंग के दौरान यह भी फैसला किया गया कि अमृतसर के सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) में एक एलएमओ स्टोरेज टैंक तुरंत स्थापित किया जाएगा। मुख्य सचिव ने कहा कि अमृतसर में मेडिकल ऑक्सीजन की उपलब्धता का स्तर बहुत गंभीर है इसलिए स्टोरेज टैंक को स्थापित करने का काम जंगी स्तर पर किया जाएगा और कम से कम संभावित समय में पूरा किया जाएगा।