पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने शहीद नायब सूबेदार परमजीत सिंह के परिजनों को 12 लाख रुपये की एक्स ग्रेशिया ग्रांट देने का एलान किया है। मुख्यमंत्री सात मई को शहीद के घर शोक व्यक्त करने जाएंगे। उन्होंने कैबिनेट मंत्री राणा गुरजीत सिंह को कहा कि वे मंगलवार को शहीद के परिजनों से मिलकर निजी तौर पर संवेदना जताएं।
सरकारी प्रवक्ता ने कहा कि शहीद के परिजनों को पांच लाख रुपये नगद, इतनी ही कीमत का प्लॉट और दो लाख रुपये उनके माता-पिता को दिए जाएंगे। एक परिजन को सरकारी नौकरी दी जाएगी। शहीद के बच्चों को सैनिक इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी में मुफ्त शिक्षा दी जाएगी।
सीएम ने निकाय विभाग के रेस्ट हाउस का नाम शहीद परमजीत के नाम पर करने के लिए रेडक्रॉस की ओर से एक लाख रुपये और जारी किए। मंगलवार को शहीद का शव हेलीकॉप्टर द्वारा पुंछ से उनके पैतृक गांव लाया गया। अंतिम संस्कार में रक्षा सेनाएं भलाई विभाग के डायरेक्टर ब्रिगेडियर जेएस अरोड़ा, ब्रिगेडियर सुशील शर्मा भी शामिल हुए। कैप्टन ने कहा कि परमजीत ने देश की एकता व अखंडता की रक्षा के लिए अपनी जान कुर्बान कर दी, पूरा देश उनका ऋणी है।